बरेली। नगर निगम की ओर से 80 करोड़ रुपये की लागत से 317 स्थानों पर विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें सड़क-नाली निर्माण, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत व नालों को ढकने जैसे काम शामिल हैं। कई प्रमुख मार्गों पर तारकोल की परत बिछाई जाएगी, जबकि गलियों में सीसी रोड बनाई जाएंगी। इंटरलॉकिंग टाइल्स भी लगाई जाएंगी।
नगर निगम की ओर से तैयार कार्ययोजना में वार्ड 43 आकाशपुरम में जगतपुर बिजली उपकेंद्र से पकौड़ी चौराहे तक नाली व सीसी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। वार्ड 47 किला छावनी में रामपुर रोड से राजा साहब की कोठी तक तारकोल की सड़क बनाई जाएगी। इसके आगे सीसी टाइल्स लगाई जाएंगी। वार्ड 61 कानूनगोयान में प्रेमनगर थाने के पास नाले पर स्लैब डाले जाने का प्रस्ताव है।
वार्ड 79 चक महमूद में कमत कोल्ड ड्रिंक्स से गरीब नवाज स्कूल तक नाले को ऊंचा कर आरसीसी स्लैब से ढका जाएगा। कब्रिस्तान के किनारे सीसी सड़क बनाई जाएगी। वार्ड 63 साहूकारा में किला पुलिस चौकी से शंकर ब्रांड मसाला होते हुए यादव स्वीट्स तक सड़क के गड्ढे भरे जाएंगे। आलमगिरीगंज व शास्त्री मार्केट में नाली-सड़क निर्माण के साथ इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का काम प्रस्तावित है। जवाहर पार्क, नेहरू पार्क, राजाराम पार्क और दादू कुआं पार्क की मरम्मत, रंगाई-पुताई, पाथवे और ओपन जिम से जुड़े कार्य भी कराए जाएंगे।
नगर निगम की इस कार्ययोजना से शहर के कई वार्डों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर होने की उम्मीद है। दिवाली बाद टेंडर निकालकर काम कराए जाएंगे। - उमेश गौतम, महापौर