फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसओजी की पूरी टीम हुई होम क्वारंटीन आज से दफ्तर में नहीं बैठेंगे डीआईजी

विज्ञापन
कोरोना वायरस - फोटो : अमर उजासला
विज्ञापन

गेस्ट हाउस होगा सील, एसएसपी ऑफिस समेत सभी पुलिस भवन होंगे सैनिटाइज करने की तैयारी
विज्ञापन

आज एसओजी के सभी सदस्यों के लिए जाएंगे सैंपल, अफसरों ने बंधाया स्टाफ का हौसला

बरेली। एसपी क्राइम का कोरोना संक्रमित निकलना रविवार को पुलिस महकमे में सबसे सनसनीखेज खबर रही। महकमे के आला अफसर भी इसके बाद और सतर्क हो गए। एसपी क्राइम में संक्रमण की चेन का पता लगाने की चुनौती के बीच डीआईजी ने सोमवार से दफ्तर में बैठने के बजाय फोन पर ही जनसुनवाई करने का फैसला जारी कर दिया। एसएसपी दफ्तर में भी खतरा महसूस किया जा रहा है क्योंकि एसपी क्राइम पूरे लॉकडाउन भर वहीं बैठकर जनसमस्याओं का निस्तारण करते रहे थे। एसएसपी ने अपने कार्यालय के साथ पुलिस के सभी भवनों को सैनिटाइज कराने का निर्देश दिया है। पुलिस गेस्ट हाउस भी सैनिटाइज होगा जहां एसपी क्राइम रह रहे हैं। सोमवार को एसओजी की पूरी टीम का भी टेस्ट कराने को कहा गया है।
विज्ञापन

डॉक्टरों, हेल्थ वर्कर, घरों के दायरे में रहने वाले कई लोगों से लेकर अब पुलिस महकमे में एक महिला सिपाही के बाद एसपी क्राइम के संक्रमित होने से कोरोना संक्रमण के गंभीर होते हालात का पता लग रहा है। महिला सिपाही के संक्रमित होने के बाद पुलिस लाइन के एन ब्लॉक को पहले ही हॉटस्पॉट बनाया जा चुका है। अब पुलिस गेस्ट हाउस को भी सैनिटाइज कर कुछ समय के लिए सील करने की तैयारी की जा रही है। बता दें कि तीन दिन पहले महिला थाने की सिपाही के संक्रमित निकलने के बाद पुलिस लाइन में कई लोगों के सैंपल लिए गए। इसी दौरान यहां गेस्ट हाउस में रहने वाले एसपी क्राइम ने भी अपना सैंपल दे दिया। आमतौर पर फिट दिखने वाले एसपी क्राइम ने बताया कि उन्हें ख्याल तक नहीं था कि वह पॉजिटिव निकल सकते हैं लेकिन रिपोर्ट ने उन्हें चौंका दिया। देर रात एंबुलेंस से उन्हें आइसोलेशन वार्ड ले जाया गया। उन्होंने बताया कि मन थोड़ा विचलित जरूर है लेकिन खुद को स्वस्थ महसूस कर रहे हैं। आइसोलेशन वार्ड में स्वाध्याय करेंगे।

एसपी क्राइम की रिपोर्ट आने के बाद एसओजी की टीम के साथ दफ्तरों में भी कई की हवाइयां उड़ीं

संक्रमित महिला सिपाही का पड़ोस के एसओजी के सिपाही के परिवार में आना-जाना होने की वजह से एसओजी सिपाही और उसके परिवार का भी सैंपल लखनऊ भेजा गया है जिसकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है। एसओजी के बाकी सभी सदस्यों को भी होम क्वारंटीन कर दिया गया जो अपने साथी की लखनऊ से रिपोर्ट आने इंतजार कर रहे थे। अब एसपी क्राइम के भी पॉजिटिव निकलने से उनकी हवाईयां उड़ी हुई हैं। पुलिस अफसरों ने स्वास्थ्य विभाग को सोमवार को एसओजी के बाकी लोगों का सैंपल लेने को कहा है। एसपी क्राइम के स्टाफ और एसएसपी दफ्तर के उन कर्मचारियों का भी सैंपल लेने की तैयारी है जो अक्सर एसपी क्राइम के संपर्क में रहते थे। उधर, एसपी क्राइम के संक्रमण की चेन खोजने में स्वास्थ्य विभाग के साथ पुलिस भी लग गई है।

संक्रमण की चेन: जटिल मामले की तफ्तीश की तरह उलझा पूरा मामला

एसओजी के सिपाही की रिपोर्ट आने से पहले एसपी क्राइम के संक्रमण की चेन पता करना मुश्किल माना जा है। एसओजी सिपाही इन दिनों कई घटनास्थल पर उनके साथ गया था। टीम के बाकी सदस्यों के भी संपर्क में रहा जो एसपी क्राइम के संपर्क में रहते थे। अगर सिपाही की रिपोर्ट निगेटिव आई तब दूसरे बिंदु पर जांच की जाएगी। एसएसपी दफ्तर में पूरे समय बैठकर जनशिकायतें सुनने वाले अधिकारी थे। किसी फरियादी से भी उन्हें संक्रमण की संभावना हो सकती है। पत्रकारों का भी यहां आना-जाना रहता है। उन्हें भी खतरा हो सकता है।

एसएसपी कैंप कार्यालय भी होगा सैनिटाइज

इन दिनों हत्या की ताबड़तोड़ घटनाओं व कई खुलासों के चक्कर में एसपी क्राइम व उनकी टीम का एसएसपी के कैंप कार्यालय पर भी खूब आना जाना रहा था। अब उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद यहां भी सैनिटाइज कराया जाएगा। संबंधित स्टाफ का परीक्षण कराने की भी चर्चा है।

डीआईजी आज से नहीं बैठेंगे दफ्तर में

एसपी क्राइम के संक्रमित निकलने के बाद जन सुनवाई करने में आगे रहने वाले डीआईजी भी अलर्ट हो गए हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार से वह कुछ दिनों तक दफ्तर में नहीं बैठेंगे। जनसुनवाई जैसे काम मोबाइल पर निपटाएंगे। स्टाफ व विभागीय कामकाज घर से करेंगे। स्थिति सही होते ही दोबारा दफ्तर से कामकाज शुरू करेंगे।

एडीजी ने कहा.. घबराने की जरूरत नहीं

एडीजी अविनाश चंद्र का कहना था कि कोरोना संक्रमण से घबराने की बजाय अपनी इच्छाशक्ति मजबूत करने की जरूरत है। कहा कि एसपी क्राइम जल्दी ठीक हो जाएंगे। पुलिसकर्मी व अधिकारी सामाजिक दूरी बनाकर काम करें। प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली चीजों का प्रयोग करें। स्थिति बेहतर हो जाएगी।

एसएसपी बोले- स्वास्थ्य विभाग से पूरा तालमेल

एसएसपी शैलेश पांडेय का कहना था कि एसपी क्राइम को संक्रमण होना निश्चित ही गंभीर बात है। स्वास्थ्य विभाग से तालमेल करके काम किया जा रहा है। जैसी जरूरत होगी, वैसे ही स्टाफ की जांच कराएंगे। पुलिस भवनों व परिसरों को सैनिटाइज करने का काम भी तेजी से शुरू किया जाएगा। किसी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी ताकि संक्रमण फैलने की गुंजाइश रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें