बरेली। सेटेलाइट बस अड्डे पर बृहस्पतिवार को नगर निगम की टीम जेसीबी के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंची। नाले पर कब्जा कर बनाई गई झोंपड़ी को तहस-नहस किया। इससे आक्रोशित व्यक्ति ने दोपहिया वाहन से पेट्रोल निकाला और झोंपड़ी के अवशेष पर डालकर आग लगा दी। टीम के साथ गाली-गलौज की। पुलिस बुलाई गई तो विरोध कर रहे लोग मौके से भाग गए।
अभियान के दौरान सेटेलाइट बस अड्डे के आसपास अवैध तरीके से ठेला और खोखे लगा रहे दुकानदारों को हटाया गया। टीम ने कई खोखे कब्जे में लिए। शराब ठेके के साथ बनी कैंटीन पर चार हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। कैंटीन संचालक नाले में प्लास्टिक के गिलास फेंककर जलनिकासी को बाधित कर रहा था।
कब्जे हटाने के साथ सफाई भी कराई गई। सफाई निरीक्षक विवेक कुमार ने बताया कि आधे घंटे तक कुछ दुकानदारों ने विरोध किया, लेकिन जब पुलिस ने फटकारा तो वे पीछे हट गए।
अतिक्रमण हटवाने और नालों की सफाई में लगी टीमों के साथ बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने अवैध कब्जे कर नालों की सफाई बाधित करने वालों पर सख्ती करने के आदेश दिए। कहा कि अतिक्रमण हटाने के साथ ही अधिक से अधिक जुर्माना भी लगाएं, ताकि लोग दोबारा कब्जा करने का साहस न करें। ब्यूरो