बरेली। क्षेत्रीय जांच टीम ने बृहस्पतिवार दोपहर बरेली-पीलीभीत रोड पर पीलीभीत डिपो की बस में बेटिकट 10 सवारियां पकड़ लीं। पूछताछ में मालूम हुआ कि परिचालक ने किराया वसूलने के बाद यात्रियों को टिकट नहीं दिए। चेकिंग टीम ने चालक-परिचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। दोनों की सेवा समाप्त करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
बृहस्पतिवार दोपहर एटीआई रजनीश कपूर, शुभम सक्सेना और सलमान खान की टीम बरेली-पीलीभीत रोड पर रोडवेज बसों की चेकिंग कर रही थी। बरेली से पीलीभीत जा रही पीलीभीत डिपो की बस को रास्ते में रोक कर जांच की तो पता लगा कि परिचालक अभिषेक गुप्ता ने सभी यात्रियों से किराया वसूल किया है, लेकिन 10 यात्रियों को टिकट न देकर उनसे मिला किराया अपनी जेब में रख लिया।
बस पर चालक हिमांशु गंगवार था। चालक-परिचालक की सेवा समाप्त करने के लिए आरएम दीपक चौधरी ने पीलीभीत डिपो के एआरएम को लिखा है। एटीआई रजनीश कपूर ने बताया कि चालक-परिचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। संवाद