बरेली। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, ब्रज प्रांत महानगर के तत्वावधान में माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल में प्रेरणादायी व्याख्यान का आयोजन किया गया। विकसित भारत 2047 की परिकल्पना में युवाओं की भूमिका विषय पर हुए व्याख्यान में मुख्य अतिथि डॉ. विनोद पगरानी ने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन, नवाचार और राष्ट्रसेवा की भावना को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज का युवा यदि समर्पित होकर कार्य करे, तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार होगा। प्रांत संगठन मंत्री अनुज ठाकुर ने परिषद की विचारधारा और राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस दौरान विद्यालय के निदेशक आर्यमन अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका सरकार ने सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न तथा पौधा भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रबंधक डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल ने सभी अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत किया। यहां एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री अनुज ठाकुर, महानगर उपाध्यक्ष डॉ. अजीत गिल, महानगर सह मंत्री हर्षवर्धन आदि मौजूद रहे।