बरेली। सुभाषनगर के अशोकनगर में रहने वाले रिटायर्ड रेलकर्मी रामपाल मौर्य के कुत्ते के भौंकने पर चोरों ने उसे घायल करके टॉयलेट में बंद कर दिया और फिर नकदी, जेवरात समेत कीमती सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। रामपाल ने पुलिस को बताया कि शनिवार को उनकी रिश्तेदारी में विवाह समारोह था।
वह परिवार समेत उसमें शामिल होने गए थे। घर में ताला लगा था, लेकिन पालतू कुत्ते शेरू को खुला छोड़ गए थे। रविवार को जब वे लौटे तो घर में चोरी होने की जानकारी हुई। उनका कुत्ता शेरू घायल अवस्था में टॉयलेट में बंद मिला। घर में रखी तीन लाख की नकदी और जेवरात समेत करीब 17 लाख रुपये का कीमती सामान चोर ले गए। उन्होंने आशंका जताई है कि चोरी रात 12 बजे के बाद हुई है, क्योंकि 12 बजे तक मोहल्ले के लोग जागते रहे थे।
फोरेंसिक टीम ने की जांच : रामपाल की सूचना पर सुभाषनगर पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड के साथ जांच की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी तलाश कर रही है। चोरों की संख्या एक से ज्यादा होने की आशंका जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि एक चोर कुत्ते पर अकेले काबू नहीं पा सकता। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।