नवाबगंज। 13 साल की किशोरी से दुष्कर्म करने वाले दो बच्चों के आरोपी पिता और जन्मे नवजात बच्चे से उसका डीएनए मिल गया है। अब पुलिस आरोपी की विवेचना में डीएनए की रिपोर्ट शामिल करेगी।
पुलिस के अनुसार, दो माह पहले थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली किशोरी पेट में कई दिनों से दर्द से पीड़ित थी। इसको लेकर किशोरी के भाई ने कस्बे के एक निजी अस्पताल में चिकित्सक को दिखाया तो अल्ट्रासाउंड जांच में किशोरी छह माह की गर्भवती मिली।
जब किशोरी के भाई ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि आठ माह पूर्व उसके पड़ोस में ही रहने वाला दो बच्चों का पिता राशिद उसे फल देने के बहाने अपने घर ले गया, जहां उसने उससे दुराचार कर उसकी अश्लील वीडियो बना ली। किसी से शिकायत करने पर उसके परिवार वालों की हत्या करने की धमकी दी। इसके बाद वह उसे धमका कर उससे कई माह तक यौन उत्पीड़न करता रहा। उसका भेद खुलने के बाद किशोरी के भाई ने उसके खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालत बिगड़ने पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा तो किशोरी ने वहां बच्चे को जन्म दिया था। लेकिन जन्म के कुछ देर बाद ही बच्चे की मौत हो गई थी। उसके बाद पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी राशिद को पकड़ कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने राशिद और किशोरी के बच्चे का डीएनए टेस्ट कराया। अपराध निरीक्षक वेद सिंह ने बताया कि डीएनए की रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। विवेचना में रिपोर्ट को शामिल किया जाएगा। संवाद