मंच पर ही सौंप दिया पत्र
मुख्यमंत्री जैसे ही मंच पर पहुंचे, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल अचानक उनके पास पहुंच गए। उन्होंने मुख्यमंत्री को कुछ पत्र सौंपे। बताया कि शहर के लिए जरूरी तीन मांगों से संबंधित पत्र मुख्यमंत्री को दिया है। इसमें बरेली एयरपोर्ट से चारधाम के लिए हेलिकॉप्टर सेवा, बदायूं रोड पर रोडवेज बस अड्डा और सुभाषनगर में रेलवे अंडरपास के निर्माण की मांग शामिल है। विधायक विधानसभा में भी यह मुद्दा उठा चुके हैं।
इशारे-इशारे में मांस कारोबारियों को सख्त संदेश दे गए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने मंच से ही गो तस्करों और कसाइयों को जहन्नुम भेजने की बात कहकर मांस कारोबारियों को भी सख्त संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश को बूचड़खानों तक पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बरेली में करीब दो साल पहले एक बड़े मांस कारोबारी पर कार्रवाई भी हो चुकी है। सपा नेताओं से भी उसके कनेक्शन सामने आए थे। सीएम ने खुले मंच से इसका जिक्र भी किया।
डॉक्टरों का राजनीति में आना सराहनीय
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरेली में अलग-अलग क्षेत्रों के लोग राजनीति में आए हैं। यहां फिजिशियन, पशु चिकित्सक, शिक्षक, उद्यमी राजनीति के जरिये लोगों की सेवा कर रहे हैं। यह सराहनीय है। मां दुर्गा को प्रणाम कर सीएम ने 32 मिनट तक अपनी बात रखी। नाथ नगरी और भगवान शिव के स्वरूप का जिक्र करते हुए जय-जय श्रीराम के उद्घोष के साथ अपनी बात समाप्त की।