कहीं गंदगी तो कहीं नाले साफ नहीं हुए। कहीं सड़क नहीं बनी तो कहीं पीने का पानी नहीं पहुंच रहा। शहर में ऐसी समस्याएं हैं जिनका समाधान नहीं हो पा रहा है। बृहस्पतिवार का दिन ज्ञापन और प्रदर्शन के नाम रहा। मेयर डा. आईएस तोमर के पास समस्याओं का अंबार लग गया। चार से ज्यादा ज्ञापन देकर समस्या का समाधान करने की मांग की गई।
वीर जनकल्याण सेवा समिति ने अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह के नेतृत्व में वार्ड 12 मढ़ीनाथ में मंदिर के पीछे वाली गली के जर्जर होने की समस्या बताकर महापौर को ज्ञापन सौंपा। बताया गया कि सड़क पर इतने गड्ढे हैं कि स्कूली बच्चे चोटिल होकर गिर रहे हैं। एक माह में सड़क न बनने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। वहीं, बरेली सद्भावना मंच ने शहर में आवारा बंदर और कुत्तों की समस्या को लेकर महापौर को ज्ञापन सौंपा। महापौर को बताया गया कि गलियों में कूड़े के ढेर लगने से मच्छर बढ़ रहे हैं। कुत्ते और बंदर बच्चों और महिलाओं पर हमला कर काट लेते हैं।
उधर, अयूब खां चौराहे पर रैन बसेरा में मंद बुद्धि वृद्धों के परेशान करने का मामला उठाया गया। इसमें बताया कि रैन बसेरा में पंखा नहीं है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। जिसकी वजह से रैन बसेरा में रहने वाले यात्री बीमार हो रहे हैं। शिवसेना की महानगर इकाई ने सुभाषनगर, गणेशनगर और मढ़ीनाथ में कूड़ा जमा होने और मच्छरों के बढ़ने से बीमारियां फैलने की शिकायत लेकर ज्ञापन सौँपा।