- मौसम विभाग ने आज और कल कोहरा का जारी किया यलो अलर्ट
बरेली। घने कोहरे और बादल मंडराने की वजह से मंगलवार को अधिकतम तापमान पांच डिग्री लुढ़कर सामान्य से तीन डिग्री कम 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने बुधवार व बृहस्पतिवार को भी कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार सुबह बादल छाए रहे और घना कोहरा रहा। दोपहर डेढ़ बजे हल्की धूप निकली, पर सर्द हवा ठिठुरन का एहसास कराती रही। शाम पांच बजे से फिर कोहरा छाने लगा और सर्द हवा लोगों को कंपकंपाने लगी। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक अभी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हल्के बादल मंडरा रहे हैं। अनुकूल माहौल बनने पर कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। जहां बारिश नहीं होगी, वहां कोहरे का घनत्व बढ़ेगा। तराई इलाकों में घना कोहरा होने का अनुमान है। फिलहाल, तीन दिनों तक सुबह-शाम कोहरा रहेगा। शीतलहर चलने का अनुमान है।
बेपरवाही बना देगी बीमार
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ राहुल बाजपेई के मुताबिक, कड़ाके की सर्दी के दौरान जरा सी बेपरवाही आपको बीमार बना सकती है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। हवा में आर्द्रता बढ़ने से श्वांस रोगियों की परेशानी बढ़ सकती है। इसलिए स्वच्छ और गर्म कपड़े पहनें। सर्दी-खांसी है तो नाक-मुंह ढंकने के लिए रूमाल का प्रयोग करें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। हाथ धोते रहें। गुनगुना पानी, तरल पदार्थों का सेवन करें। पौष्टिक आहार लें।
-
मौसम इनपुट
16.9
9.7
धूप निकलेगी। सुबह शाम हल्का घना कोहरा छाएगा। बादल मंडराएंगे।
सूर्योदय 7:06
सूर्यास्त 5:38
संवाद