बरेली। दिवाली के अवसर पर घरों के पूजा स्थलों को नया रूप देने के लिए लकड़ी के मंदिरों की मांग बढ़ गई है। कारीगरों के हुनर से तराशे गए ये मंदिर अपनी बारीक नक्काशी और आकर्षक डिजाइनों से ग्राहकों को लुभा रहे हैं।
बांस मंडी के विक्रेता सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि लकड़ी का मंदिर तैयार करना केवल सामान बनाने का काम नहीं, बल्कि एक कला है। इसमें अच्छी लकड़ी का उपयोग होता है और कारीगरों को काफी मेहनत करनी पड़ती है। मंदिर पर उकेरे गए डिजाइन इसकी सुंदरता बढ़ाते हैं। विक्रेता सुधीर के अनुसार, ग्राहक अब मंदिर खरीदते समय बनावट और डिजाइन पर ध्यान देते हैं। कई लोग अपनी पसंद के अनुसार मंदिर ऑर्डर पर तैयार करवाते हैं। सुभाष नगर निवासी छोटे लाल ने कहा कि उन्हें लकड़ी पर की गई बारीक नक्काशी ने सबसे ज्यादा आकर्षित किया।
लकड़ी के मंदिरों में अब पारंपरिक डिजाइन के साथ ग्राहकों की व्यक्तिगत पसंद भी शामिल हो रही है। लोग अपनी जरूरत और घर में उपलब्ध जगह के अनुसार मंदिर बनवा रहे हैं। कुछ ग्राहक दरवाजों पर आकर्षक नक्काशी कराते हैं, तो कुछ धार्मिक श्लोक लिखवाते हैं। शक्ति सिंह ने दिवाली के लिए अपनी पसंद का मंदिर ऑर्डर देकर तैयार करवाया है।
-
यह है कीमत
छोटा मंदिर - 300 - 1,200 रुपये
मीडियम शीशम वुड वॉल मंदिर- 1,500 - 4,000 रुपये
व्हाइट पॉलिश मंदिर - 1,200 - 3,500 रुपये
स्मॉल फ्लोर मंदिर - 2,500 - 6,000 रुपये
मीडियम डोम मंदिर- 5,000- 12,000 रुपये
शीशम वुड मंदिर- 15,000 -35000 रुपये
सागौन मंदिर- 25,000 -75,000 रुपये
ओपन पिलर मंदिर- 4,000 - 15,000 रुपये
(दाम बांस मंडी के कारोबारियों के अनुसार)