नवाबगंज। चोरी के आरोप में पकड़े गए युवक का कोर्ट ने 14 दिन का रिमांड निरस्त कर दिया। युवक ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए एसएसपी से कार्रवाई की मांग की है।
अभयराजपुर गांव के श्याम चंद्र उर्फ महासय ने बताया कि 13 सितंबर को वह कथावाचकों को भोजन करा रहा था। उसी शाम 8:00 बजे पुलिस ने गांव में दबिश दी। पुलिस ने चोरी के इंजन पकड़े और दो लोगों को गिरफ्तार किया। श्याम चंद्र का आरोप है कि रंजिश के चलते उसका नाम भी चोरी में शामिल किया गया। पुलिस उसे थाने ले गई फिर छोड़ दिया। गांव में रुपये लेकर छोड़ने की चर्चा फैली। 14 सितंबर को पुलिस ने उसे फिर गिरफ्तार कर मुंसिफ कोर्ट में पेश किया। उप निरीक्षक ने कोर्ट से रिमांड मांगा। न्यायिक मजिस्ट्रेट अरुण गौतम ने अधिवक्ता के तर्कों को सुना। उन्होंने उप निरीक्षक से कई सवाल पूछे। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर न्यायिक मजिस्ट्रेट ने रिमांड निरस्त कर दिया। श्याम चंद्र ने अब एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर पुलिस पर कार्रवाई की मांग की है। सीओ नीलेश मिश्रा ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर कार्रवाई की जाएगी।