बरेली। सेटेलाइट बस स्टैंड के पास छोड़े गए तीन माह के बच्चे के माता-पिता को बाल कल्याण समिति की ओर से बच्चे को साथ रखने की स्वीकृति मिल गई है। दौरा पड़ने की वजह से बच्चे को दत्तक ग्रहण एजेंसी की ओर से फिर जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती कराया गया है।
हरदोई के थाना माधौगंज के गांधीनगर निवासी मां स्वाति ने बताया कि उसके दो जुड़वां बच्चे, तीन माह पहले हुए थे। एक की मृत्यु पेट में ही हो गई। दूसरा बेटा बच गया। उसका नाम धैर्य रखा गया। महिला ने बताया कि वह कुछ दिन के लिए मायके गई थी। आठ दिन पहले लौटी तो बच्चे को दौरे पड़ने लगे। इससे वह डर गई।
इलाज कराने के लिए बरेली पहुंचे। शनिवार रात को लौटते समय बेटे को फिर दौड़ा पड़ा। उसका पूरा शरीर ऐंठ गया। उसे मरा जानकर हम मजबूरन उसे ठेले के नीचे रखकर चले गए।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र ने बताया कि बच्चे को दौरे पड़ने की समस्या है। दंपती ने समिति को बताया कि बच्चे का जन्म क्वीन मेरी अस्पताल लखनऊ में हुआ, उसके कुछ कागज दिखाए हैं। हालांकि, गवाह पूरे नहीं होने की वजह से अभी बच्चे को माता-पिता की सुपुर्दगी में नहीं दिया गया है।
दंपती को बुधवार का समय दिया गया है। यदि वे गवाह ले आते हैं तो उन्हें बच्चा दे दिया जाएगा। बच्चे की देखरेख दत्तक ग्रहण एजेंसी की निगरानी में जिला अस्पताल में हो रही है।