बरेली। चंद्रलोक अस्पताल में मरीज की मौत के बाद परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच अब लखनऊ से होगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच की मांग के बाद प्रकरण लखनऊ भेज दिया गया है। मामले में अस्पताल के एमडी डॉ. हिमांशु अग्रवाल के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट की विवेचना जारी है।
विज्ञापन
आशुतोष सिटी निवासी अरुण कुमार का आरोप था कि डायबिटिक भाई अनूप कुमार के पैर में संक्रमण था। 30 मई को चंद्रलोक अस्पताल में भर्ती कराया था। एक, छह और 14 जून को पैर के तीन ऑपरेशन किए गए। 18 जून को डिस्चार्ज संबंधी प्रक्रिया के बावजूद मरीज को दो दिन और अस्पताल में रखा। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें वेदांता अस्पताल ले गए, जहां 26 जून को उनकी मौत हो गई।
परिजन ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर शिकायत की थी। एडी हेल्थ डॉ. सीमा अग्रवाल के मुताबिक, विशेषज्ञ से जांच कराने की मांग पर आईएमए ने आपत्ति जताई थी। अन्य जिले से जांच के लिए कमेटी गठित की थी। अब जांच लखनऊ भेज दी गई है।