The color of glee scattered on the crutch, the city kirtan
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
बैसाखी के उपलक्ष्य में श्री गुरुनानक सिख सभा उदासी गुरुद्वारा साहिब से कैंट में नगर कीर्तन निकाला गया। इसका क्षेत्र में कई जगह लोगों ने स्वागत किया।
यह जुलूस सदर स्थित गुरुद्वारा से शुरू हुआ। बैंडबाजे की धुन के साथ यह जुलूस धीरे-धीरे अपनी राह पर बढ़ता रहा। इसमें रास्ते भर गतका पार्टी के सदस्यों का करतब और पंजाब से आए फैजी बैंड का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र बना रहा। सबसे आगे पांच प्यारे और पीछे गुरु ग्रंथ साहब की सवारी थी। फूलों से सजे वाहन पर रखे गुरु ग्रंथ साहिब पर रास्ते भर श्रद्धालु मत्था भी टेकते रहे।
जुलूस सदर के मुख्य मार्ग से होते हुए बीआई बाजार पहुंचा। इसके बाद जुलूस गांधी चौक से मुड़कर आशा स्कूल मार्ग और फूल बाग होते हुए वापस गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान सदर बाजार के अलावा सबसे बड़ा स्वागत बीआई बाजार में हुआ। यहां पर व्यापारियों ने स्वागत में फूल बरसाए और प्रसाद आदि का वितरण भी किया। इसमें अर्जुन पाल सिंह, भूपेंद्र सिंह, सुशील कुमार, तरुण दीवान, केएल गेरा, बुंदन खां, अरशद तारिक शमसी, तसनीम शमसी शामिल रहे।
इससे पूर्व गुरुद्वारा पर अखंड पाठ साहिब के समापन के बाद शबद-कीर्तन का आयोजन किया गया। इसके बाद लंगर हुआ। अंत में प्रधान ने सभी का आभार जताया।