बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 20 जून के आसपास जिले के दौरे पर आ सकते हैं। अब तक प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री पहले सर्किट हाउस में बरेली मंडल की समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद बरेली कॉलेज में जनसभा को संबोधित करेंगे। बरेली विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश सेतु निगम, नगर निगम, जल निगम की कई बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय तिथि से दो दिन पहले आ सकता है। ऐसे में अधिकारी भी तैयारियों को परखने में लगे हैं। शासन से लगातार दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं। पिछले दिनों हुई बैठक में बरेली कॉलेज को जनसभा के लिए सबसे उपर्युक्त माना गया था। यहां की क्षमता भी 25 हजार से ज्यादा की है। इससे पहले भी मुख्यमंत्री तीन-चार बार यहां जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। अब तक प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री मानसिक रोग अस्पताल के सामने स्थित बरेली कॉलेज के गेट से प्रवेश कर जनसभा स्थल तक पहुंचेंगे। इस गेट को प्राथमिकता देने के पीछे यहां की चौड़ी सड़क और एयरपोर्ट तक का सुगम यातायात है। वीआईपी प्रवेश इसी गेट से होंगे। जनसभा में आने वाले लोगों को पीछे वाले गेट से प्रवेश दिया जाएगा। जनसभा में लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया जा सकता है। जनसभा से पहले सीएम सर्किट हाउस में बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।