बरेली। चौबारी मेले की रौनक अब धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। मेले में दुकानें लगाई जा रही हैं। बाहर से व्यापारियों का पहुंचना भी शुरू हो गया है। मेले में इस बार टोरा-टोरा, हिंडोला, ब्रेक डांस झूला, रेंजर और ड्रैगन झूला लगाए गए हैं। मेले में इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के लिए लखनऊ से कलाकार आएंगे।
चौबारी मेले का मुख्य आकर्षण इसका नखासा (घोड़ा बाजार) होता है, जो इस बार भी अपनी रौनक बिखेर रहा है। मेले में आए घोड़ों को देखने व खरीदने के लिए दूर-दराज से लोग पहुंच रहे हैं। सेंथल से आए जाकिर ने बताया कि उनका सफेद रंग का चेतक घोड़ा 3.30 लाख रुपये की कीमत का है। घोड़ा मेले में आने वाले हर शख्स का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।
अलीगंज से शृंगार का सामान लेकर आईं सरिता ने बताया कि वे कई वर्षों से इस मेले में दुकान लगा रही हैं। हर बार जगह मिलने में दिक्कत आती है। इसीलिए इस बार वह पहले ही आ गईं। मुख्य स्नान के बाद तक यहीं रुकने की तैयारी है।
पकौड़े और मिठाई बेचने वाले दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें सजानी शुरू कर दी हैं। मुरादाबाद से आए गौतम ने बताया कि वे पिछले 10 साल से मेले में सिल-बट्टा और चकिया बेचने आ रहे हैं। इस बार उन्होंने राजस्थान और मध्य प्रदेश से विशेष माल मंगवाया है। यहां बड़ी संख्या में ढोलक विक्रेता भी पहुंच चुके हैं।