भमोरा। ट्रैक्टर पर लगे साउंड सिस्टम से तेज आवाज में गाने बजाने का विरोध करने पर दबंगों ने एक स्कूल संचालक की पिटाई कर दी। संचालक जान बचाने के लिए पास में ही स्थित बाबा रामदास की मढ़ी में छिपा तो दबंग वहां पहुंच गए। उन्होंने दरवाजा तोड़कर संचालक को बाहर निकाल लिया और फिर उसकी पिटाई की। मढ़ी के सर्वराकार बचाने आए तो उन्हें भी थप्पड़ जड़ दिए। दबंगों पर फायरिंग करने का भी आरोप है। पुलिस ने दबंगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
देवचरा के पास संत 1008 दिवंगत बाबा रामदास जी की मढ़ी है। पास में ही एक निजी स्कूल है। गुुरुवार को स्कूल में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। पास के खेत में गांव क्योना शादीपुर निवासी बादशाह अंसारी ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। आरोप है कि ट्रैक्टर में लगे साउंड सिस्टम से वह तेज आवाज में गाने बजा रहा था। इससे बच्चों की पढ़ाई में बाधित हो रही थी। स्कूल संचालक विकास निवासी रामपुर बुजुर्ग ने आवाज कम करने को कहा तो बादशाह गालीगलौज करने लगा। उसने फोन करके गांव से अपने पिता अनीस अंसारी, भाई कयूम अंसारी समेत कई लोगों को बुला लिया। ये लोग विकास को पीटने लगे। विकास जान बचाने के लिए बाबा रामदास जी की मढ़ी में घुस गए और दरवाजा बंद कर लिया। हमलावरों ने मढ़ी पर धावा बोल दिया। दरवाजा तोड़कर विकास को बाहर निकाला और फिर पीटने लगे। सर्वराकार बाबा प्रेमदास ने बचाना चाहा तो उनसे अभद्र व्यवहार करते हुए कई थप्पड़ जड़ दिए। आरोप है कि दबंगों ने फायरिंग भी की। ग्रामीणों को आता देख सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने स्कूल संचालक विकास की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। एसओ सौरभ सिंह ने बताया मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।