कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा- किसान, अनुसूचित जाति, जनजाति, युवा, निर्धन, महिला और उद्यमियों का रखा है ध्यान
बरेली। सरकार का संकल्प शोषितों और वंचितों पर ध्यान देना है। उत्पादकता और प्रतिस्पर्धा बढ़ाकर आर्थिक विकास को गति देने और बदलती परिस्थितियों का सामना करने के लिए देश को आर्थिक रूप से सक्षम बनना है। बजट, मेक इन इंडिया का लक्ष्य हासिल करने की पहल है।
शनिवार को भाजपा कार्यालय पर कैंट विधानसभा की केंद्रीय बजट चौपाल में ये विचार कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने साझा किए। कहा कि आत्मनिर्भरता केंद्र सरकार की आर्थिक रणनीति का सिद्धांत है। दुर्लभ और गंभीर रोगियों के सस्ते इलाज, कैंसर की दवा से कस्टम ड्यूटी हटा दी गई है।
सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि बजट में औद्योगिक विकास पर ध्यान दिया गया है, क्योंकि इसी से युवाओं के लिए रोजगार सृजन होगा। कर्मियों की कुशलता बढ़ाने पर भी जोर है।
ये रहे मौजूद
मंच संचालन महानगर उपाध्यक्ष व कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र जोशी ने किया। यहां डॉ. विनोद पागरानी, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि शोभित सक्सेना, नवीन अग्रवाल, अनिल गुप्ता, सुदेश अग्रवाल, अमरजीत सिंह बक्शी, नीलेश अग्रवाल, अरुण कश्यप, अजय प्रताप व अन्य लोग मौजूद रहे। ब्यूरो