आंवला। तीन महीने से लापता पांच साल के मासूम सोनू का शव शनिवार को तालाब में मिला। कपड़ों से उसकी पहचान हुई। फिलहाल, पोस्टमॉर्टम में डूबने से ही मौत की पुष्टि हुई है।
इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव कंधरपुर निवासी भरत सिंह का बेटा सोनू 28 दिसंबर को घर के बाहर खेत में खेलने गया था। वह वहीं से लापता हो गया। बच्चा नहीं मिलने पर लोगों ने आशंका जताई कि खेलने के दौरान वह पास के तालाब में गिर गया होगा। उस समय जेसीबी आदि की मदद से बच्चे को खोजने का प्रयास किया गया, पर कामयाबी नहीं मिली। परिजनों ने बच्चे की गुमशुदगी दर्ज करा दी।
शनिवार सुबह जब गांव के बच्चे तालाब में मछलियां पकड़ रहे थे तो बच्चे का शव तालाब किनारे विकृत अवस्था में पड़ा हुआ मिला। जानकारी मिलने पर वहां भीड़ जुट गई। पुलिस भी पहुंच गई। कपड़ों से शव की पहचान हुई। सोनू के पिता मजदूरी करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार तालाब काफी बड़ा है और इसके चारों ओर सुरक्षा दीवार भी नहीं है।