शाही। मेले से लापता हुए थाना क्षेत्र के गांव सेवा ज्वालापुर निवासी 24 वर्षीय वीरेंद्र कुमार का शव सात दिन बाद रविवार को खेत में दबा मिला। शव सड़ा-गला होने की वजह से जूतों व कपड़ों से पहचान हुई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम में मौत की वजह स्पष्ट होने की बात कही है।
सेवा ज्वालापुर गांव निवासी चुन्नीलाल ने थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार बिश्नोई को बताया कि उनका सबसे बड़ा बेटा वीरेंद्र कुमार 27 अक्तूबर की रात बसावनपुर ब्रह्मदेव स्थल पर लगे दीपावली मेले में गया था। देर रात तक न लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया।
बृहस्पतिवार को परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज करने के लिए प्रार्थनापत्र पुलिस को दिया था। सातवें दिन रविवार को देर रात करीब दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि किसी युवक का शव मेला स्थल से आधा किलोमीटर पूरब दिशा में खजुरिया गांव के रहने वाले नत्थू लाल के खेत में मिट्टी में दबा हुआ है। सूचना पर पहुंचे थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार बिश्नोई व अन्य पुलिसकर्मियों ने शव को बाहर निकलवाया।
जानकारी पर परिजन भी पहुंच गए। जूते व कपड़ों से युवक की पहचान वीरेंद्र कुमार के रूप में हुई। परिजनों ने आरोप लगाया कि हत्या करने के बाद शव को यहां दबाया गया है। परिजनों ने बताया कि वीरेंद्र चार भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह हल्द्वानी में रहकर मजदूरी करता था। इन दिनों गांव आया हुआ था। सूचना पर फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पिता चुन्नीलाल और चचेरे भाई पुष्पेंद्र ने बताया कि वीरेंद्र की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार बिश्नोई ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के लिए शव भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। परिजन जो तहरीर देते हैं, उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।