शाही। क्षेत्र के खजुरिया गांव में संदिग्ध हालात में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। खजुरिया गांव में रविवार रात 28 वर्षीय महेंद्र पाल का शव कुछ ही दूरी पर स्थित मोहनलाल के घर में पड़ा मिला। मृतक की मां मोर कली और बहन हर प्यारी ने बताया कि महेंद्र अपने घर से बाहर अधिकांशत मोहनलाल के घर में ही अपना समय गुजारते थे। अपने हिस्से की जमीन बेचकर रकम भी वहीं पर खर्च करते थे।
रविवार की शाम आसपास के लोगों ने बताया कि महेंद्रपाल की तबीयत खराब हो गई है। सूचना पर जब परिजन पहुंचे तो वे महेंद्रपाल को लेकर कस्बा के अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत बता दिया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक महेंद्रपाल को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी हो रही थी तो उनकी मां ने कई आरोप लगाते हुए शव को रोक लिया। देर रात आई पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष अमित कुमार बालियान ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद