छह जोन के विकास का प्लान तैयार करेगा बीडीए
बीडीए शहर के छह जोन के विकास का प्लान तैयार करेगा। जोन एक में इज्जतनगर, डोहरा रोड और पीलीभीत चाइपास के कुछ हिस्से आते हैं। यहां बीडीए की आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाएं स्थित हैं। दूसरा जोन बदायूं रोड और लाल फाटक की तरफ फैला हुआ है। इस क्षेत्र में भी प्राधिकरण ने नए शहरी विस्तार और सड़कों के चौड़ीकरण का काम हाथ में लिया है।
तीसरे जोन में शाहजहांपुर रोड के इलाके, इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी और रजऊ परसपुर के आसपास का क्षेत्र शामिल है। यह हिस्सा औद्योगिक और शैक्षिक हब के रूप में विकसित हो रहा है। चौथा जोन रामपुर रोड पर परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र, झुमका तिराहा तक फैला हुआ है। बीडीए ने यहां ट्रांसपोर्ट नगर जैसी योजनाएं विकसित की हैं। जोन पांच व छह में केंट, पीलीभीत रोड, फतेहगंज पश्चिमी जैसे इलाकों को शामिल किया जा सकता है। यहां बीडीए की बड़ी परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।
600 किसानों की जमीन पर बसाई जाएगी औद्योगिक टाउनशिप
बैठक में दिल्ली हाईवे के समीप औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है। इसके लिए ग्राम भिटौरा नौगवां, चिटौली, रहपुरा जागीर और रसूला चौधरी के 600 किसानों को चार गुना मूल्य देकर 126.30 हेक्टेयर भूमि क्रय की जाएगी। बोर्ड ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत सीड कैपिटल प्राप्त करने के प्रस्ताव को भी अनुमोदित कर दिया है।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. ने बताया कि बोर्ड बैठक में स्वीकृत प्रस्तावों से शहर के विकास को बल मिलेगा। छह जोन के विकास का प्लान तैयार किया जाएगा। औद्योगिक टाउनशिप से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।