बरेली। जोगी नवादा में हुई फायरिंग के मामले में अभी तक बारादरी पुलिस एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। बरेली बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ जाकर महिला वकील ने बुधवार को एसपी सिटी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
अधिवक्ता रीना सिंह ने ज्ञापन में जिक्र किया है कि उनके देवर, पति व जेठ पर 15 दिन पहले फायरिंग कर जानलेवा हमला किया गया था। घटना को लेकर बारादरी थाने में मामला दर्ज है। 11 लोग नामजद किए गए हैं, पर आज तक इनमें से एक की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जबकि, आरोपी लगातार अपनी पैरवी कर रहे हैं। कचहरी के पास वे कार में घूमते हुए देखे जा रहे हैं, पर पुलिस उनकी गिरफ्तारी नहीं कर रही।
रीना सिंह के साथ पहुंचे बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार हरित और सचिव वीपी ध्यानी ने कहा कि घटना के कई दिन बाद भी आरोपियों की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। वे खुले घूम रहे हैं और पुलिस कार्रवाई को लेकर गंभीर नहीं है। आशंका जताई कि गिरफ्तारी न होने से अधिवक्ता और उनके परिवार की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की बात कही। एसपी सिटी मानुष पारीक ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। अमर उजाला ब्यूरो