फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: पप्पू गिरधारी की गिरफ्तारी से ओमेक्स टाउनशिप पर भी पड़ेगा असर

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी की झांसी से गिरफ्तारी का असर अब बरेली की प्रस्तावित ओमेक्स टाउनशिप पर भी पड़ सकता है। 800 करोड़ रुपये की लागत से लालपुर-अधलखिया गांव के पास प्रस्तावित इस टाउनशिप में पप्पू गिरधारी की भी हिस्सेदारी है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) में जमा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के मुताबिक, नौ साझेदारों के नाम पर 49.11 एकड़ जमीन का स्वामित्व दर्ज है। इसमें पप्पू गिरधारी के नाम की 1.848 एकड़ जमीन शामिल है।
विज्ञापन

बीडीए के रिकॉर्ड के अनुसार, ओमेक्स व कंसोर्शियम की ओर से लालपुर गांव में प्रस्तावित टाउनशिप के लिए 19.8754 हेक्टेयर यानी 49.11 एकड़ भूमि जुटाई गई है। पूरी प्रस्तावित टाउनशिप का क्षेत्रफल करीब 71.78 एकड़ है। यूपी टाउनशिप नीति-2023 के अनुसार डीपीआर के परीक्षण के लिए कुल भूमि का कम से कम 60 प्रतिशत विकासकर्ता या कंसोर्शियम के स्वामित्व में होना जरूरी है। पप्पू गिरधारी की जमीन भी इसी स्वामित्व के दायरे में शामिल है।
मंत्री रेखा आर्य ने 15 अक्तूबर को देहरादून के कैंट थाने में पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उत्तराखंड पुलिस ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के झांसी से पप्पू गिरधारी को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच कर रही एसआईटी की नजर अब उसके कारोबारी और संपत्ति से जुड़े मामलों पर है। ऐसे में परियोजना के दस्तावेजों और साझेदारों की भूमिका की जांच महत्वपूर्ण हो गई है। अब परियोजना का भविष्य जमीन के स्वामित्व, दस्तावेजों की वैधता और जरूरी सरकारी अनुमतियों पर निर्भर करेगा।
विज्ञापन


नौ साझेदारों के नाम पर जुटाई जमीन
ओमेक्स टाउनशिप में नौ साझेदारों के नाम पर जमीन दर्ज है। इनमें ओमेक्स की 11.404 एकड़, वनखंडी रुद्राक्ष धाम इंफ्रा डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड की 6.609 एकड़, कृष्णा वैष्णवी इंफ्रा डेवलपर्स की 1.975 एकड़, श्री अंबे ऑटो डीलर्स की 9.351 एकड़, श्री भानखंडी धाम इंफ्रा डेवलपर्स की 8.798 एकड़, देवों के देव महादेव डेवलपर्स की 4.382 एकड़, नेक्स्टेन टाउनशिप की 3.127 एकड़, गिरधारी लाल साहू की 1.848 एकड़ व सत्येंद्र राठौर की 1.620 एकड़ जमीन शामिल है।
रेखा आर्य के नाम की जमीन पर बने फार्म हाउस का नक्शा भी नहीं
लालपुर में उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के नाम की जमीन पर बने फार्म हाउस को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। 12 हजार वर्गमीटर में बने तीन मंजिला फार्म हाउस का बीडीए से मानचित्र स्वीकृत नहीं है। निर्माण को नियमित कराने के लिए वर्ष 2024 में कंपाउंडिंग का आवेदन किया गया था पर निर्धारित शुल्क जमा नहीं होने से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। बीडीए के अधिकारियों ने भी मानचित्र स्वीकृत नहीं होने की बात कही है। इस परिसर में रेखा आर्य के नाम 3300 वर्गमीटर जमीन दर्ज है। बीडीए की ओर से जमीन व निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
वर्जन
फिलहाल, इस कार्रवाई से ओमेक्स टाउनशिप पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इसमें जो कुछ भी होगा, उच्च स्तरीय अधिकारियों की ओर से निर्णय लिया जाएगा। अभी कुछ कहना उचित नहीं होगा। - अजीत सिंह, विशेष कार्याधिकारी, बीडीए
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें