मीरगंज। सर्राफ रामपाल गुप्ता के परिवार को बंधक बनाकर एक करोड़ की डकैती की खलबली दूसरे दिन भी मची रही। घरवाले अब भी दहशत में हैं। पुलिस के उच्चाधिकारी और नेता पहुंचे लेकिन हासिल कुछ खास नहीं हुआ। यह दावा जरूर किया जा रहा है कि अहम सुराह हाथ लगे हैं जल्द खुलासा कर देंगे। इतना जरूर है कि अब खुलासे के लिए एसटीएफ को भी लगा दिया गया है। डीआईजी आरकेएस राठौर, एसएसपी धर्मवीर यादव घटना स्थल देखकर पीड़ित परिवार से बात की। सीसीटीवी फुटेज में बदमाश रामपुर की ओर भागते नजर आ रहे हैं फिलहाल यही सुराग हाथ आया है।
स्टेशन रोड स्थित सर्राफ रामपाल गुप्ता के घर बुधवार को डीआईजी और एसएसपी पहुंचे। आला अफसरों से बातचीत के दौरान रामपाल की पत्नी ने बताया कि डकै त उससे कह रहे थे कि घर में तुम्हारी बहुत चलती है। इसका मतलब साफ है कि उनमें एक शख्स ऐसा जरूर था, जो उनके परिवार के हालात के बारे में जानता था। दूसरा एक डकैत ने रामपाल से कहा था कि तू दुकान पर दिन भर हंसता है। अब तेरी हंसी कहां चली गई। रामपाल ने बताया कि डकैत के यह कहने पर वह खुद भी चौंक गए थे। सीओ मीरगंज सिद्धार्थ वर्मा, एसओ सतीश यादव ने भी कई घंटे सर्राफ और उनके परिवार के लोगों से घटना के खुलासे को लेकर बात की। पुलिस ने सर्राफ नौकरों की सूची बनाकर उनके बारे में पता करना शुरू कर दिया। एसटीएफ की बरेली की टीम के प्रभारी अजय कुमार यादव की अगुवाई में घटना स्थल का मुआयना करके मोबाइल कंपनियों के टावरों का डाटा मांगा है। उसमें से मिलने वाले संदिग्ध नंबरों के आधार पर ही एसटीएफ आगे काम करेगी।
सर्राफ के घर नेताओं का हुजूम लगा
मीरगंज। पूर्व कांग्रेस सांसद प्रवीण सिंह ऐरन, संजीव गुप्ता के साथ बुधवार देर शाम सर्राफ रामपाल गुप्ता के घर पहुंचे। उन्होंने जिले में बढ़ते क्राइम के ग्राफ पर नाराजगी जताई। कहा कि गुरुवार को बरेली में आईजी, डीआईजी से मिलकर डकैती कांड का जल्द खुलासे करने के लिए बात करेंगे। उनके साथ बीआर दिवाकर, डोरीलाल गुप्ता, हरेंद्र राजपूत, बाबू अन्जान, विनोद दिवाकर, रामनरायन गुप्ता आदि भी थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, पूर्व मंत्री बहोरनलाल मौर्य ने भी रामपाल गुप्ता के घर जाकर परिजनों से बात की। फोन पर डीआईजी, एसएसपी से वार्ता की। सीओ, एसओ से भी मिले। पुलिस अधिकारियों ने बहुत जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है। उनके साथ डा.डीसी वर्मा, जिला मंत्री सोमपाल शर्मा, नन्हेंलाल गंगवार आदि भी रहे। जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार, सपा नेता सुरेश गंगवार, हाजी गुड्डू आदि ने भी पीड़ित सर्राफा व्यापारी से मिलकर सांत्वना दी है।