प्रशासन की सुस्ती की वजह से धार्मिक स्थलों के लाउडस्पीकरों के शोर से मुक्ति पाने के लिए शहरवासियों का इंतजार लंबा होता जा रहा है। शासन ने 15 जनवरी के बाद बगैर अनुमति लगाए गए लाउडस्पीकरों को उतारने का आदेश दिया था, लेकिन प्रशासन समय रहते तैयारी ही नहीं कर पाया। लिहाजा इस समयसीमा को पांच दिन बढ़ाकर 20 जनवरी करते हुए धार्मिक स्थलों को खुद अवैध लाउडस्पीकर उतारने का नोटिस दिया गया था, लेकिन अमर उजाला की टीम ने शहर का जायजा लिया तो कहीं भी इसका पालन होता नहीं दिखाई दिया। नोटिस की समयसीमा खत्म होने के बाद प्रशासन को 21 जनवरी से लाउडस्पीकर उतारने की कार्रवाई करनी थी, लेकिन फिलहाल यह भी टल गई है। बताया जा रहा है कि रविवार होने की वजह से अब 22 जनवरी से शहर में अवैध लाउडस्पीकरों को उतारकर जब्त करने का काम शुरू किया जाएगा। उधर, शहर के धर्मस्थलों से लाउडस्पीकर खुद उतारने के सवाल पर लोगों का कहना था कि उन्होंने आवेदन कर रखा है। जिला प्रशासन से जितने लाउडस्पीकर बजाने की परमीशन मिलेगी, उतने ही लगे रहने देंगे। बाकी वे खुद उतार लेंगे। प्रस्तुत है अमर उजाला की लाइव रिपोर्ट।
फोटो
चौकी चौराहा मस्जिद : 01:00 बजे
चौकी चौराहा स्थित मस्जिद रहमानिया में मुतवल्ली मोहम्मद हाशम कादरी की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट के यहां आवेदन किया गया है। फिलहाल यहां एक लाउडस्पीकर चल रहा है। तीन लाउडस्पीकर पांच दिन पहले उतार लिए थे। अब इन्हें परमीशन के बाद लगाएंगे।
फोटो
जामा मस्जिद : 01:25 बजे
सरायखाम स्थित जामा मस्जिद पर छह लाउडस्पीकर लगे थे। मुतवल्ली नफीस अहमद आजाद ने बताया कि अनुमति नहीं मिली तो इन्हें उतार देंगे। कोर्ट का आदेश स्वागत योग्य है। बताया शरीयत में भी यही हुक्म है कि बस अजान पढ़िए। यहां 01:45 पर अजान भी हुई।
फोटो
बाबा वनखंडी नाथ मंदिर : 01: 30 बजे
जोगी नवादा स्थित बाबा वनखंडी नाथ मंदिर के महंत कुमारा नंदगिरि जी ने बताया कि फिलहाल चार लाउडस्पीकर लगे हैं। उनके यहां जांच करने पुलिस अधिकारी आए थे। उनके पास छह की अनुमति है। साउंड 40 डेसिबल से नीचे रहती है। सुबह छह से 10 और शाम को चार से आठ बजे तक बजाते हैं। इसके अलावा जो भी आदेश होगा मानेंगे।
फोटो
गुरुद्वारा : सिविल लाइंस 02:30 बजे
सिविल लाइंस स्थित गुरुद्वारा के मुख्य ग्रंथी काला सिंह ने बताया कि उनके यहां दो लाउडस्पीकर की पहले से परमीशन है। नई परमीशन के लिए आवेदन किया है। जैसा भी आदेश होगा, वैसा करेंगे। बताया, हमारे यहां लाउडस्पीकर रोज नहीं बजता है। जब कोई कार्यक्रम होता है, तभी बजाते हैं।
फोटो--
कुतुबखाना मस्जिद : 3.00 बजे
कुतुबखाना मस्जिद पर 12 लाउडस्पीकर लगे थे। एक तरफ से देखने पर आठ से 10 बिल्कुल साफ दिखाई रहे थे। आसपास के लोगों ने बताया कि जब प्रशासन इस संबंध में कोई आदेश जारी करेगा, तभी लाउडस्पीकर हटाए जाएंगे। अभी तो सभी लाउडस्पीकर पहले की तरह बज रहे हैं।
फोटो--
जिन वाली मस्जिद राजेंद्र नगर : 3.30 बजे
राजेंद्रनगर में राम जानकी मंदिर के निकट जिन वाली मस्जिद पर भी लाउडस्पीकर पहले की तरह लगे थे। प्रशासन के अभियान चलाने से पहले इनको खुद उतारने की पहल किसी ने नहीं की। यहां भी सबको प्रशासन के निर्देशों का इंतजार था।
फोटो--
कचहरी मस्जिद : 4.00 बजे
यहां मस्जिद पर चार लाउडस्पीकर नजर आ रहे थे। पहले से कम नहीं हुए। यह लाउडस्पीकर अपने निर्धारित टाइम पर ही बजते हैं। मस्जिद के मुतवल्ली का कहना है कि इस संबंध में परमीशन मांगने के लिए आवेदन किया है। आदेशों की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त लाउडस्पीकर हटा लेंगे।