फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: जेसीबी से की बेसमेंट की खोदाई, खतरे में डाली पड़ोसी परिवार की जान, तीन मंजिला मकान झुका

Sat, 18 Apr 2026 12:21 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली

सार

बरेली में चौपुला सड़क पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर बेसमेंट की खोदाई की गई, जिससे पड़ोस का तीन मंजिला मकान झुक गया। बीडीए ने निर्माण रोककर आरोपी को नोटिस दिया है। पड़ोसी वेद प्रकाश अग्रवाल पर मानकों की अनदेखी का आरोप है। बीडीए ने दो मीटर की दूरी के नियम के उल्लंघन की पुष्टि की।
विज्ञापन
बेसमेंट की खोदाई से झुका तीन मंजिला मकान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली के चौपुला रोड पर निर्माण कार्य में लापरवाही के चलते बड़ा हादसा होते-होते बचा। यहां विमलेश कुमारी के तीन मंजिला मकान के बगल में हो रही बेसमेंट की खोदाई ने उनकी पूरी गृहस्थी को संकट में डाल दिया है। उनका मकान झुक गया है। सूचना मिलने के बाद बीडीए व पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। बीडीए ने निर्माण कार्य पर रोक लगाते हुए सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर नोटिस दिया है। कोतवाली में भी शिकायतीपत्र भी दिया गया है।

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार, वेद प्रकाश अग्रवाल ने मानकों को ताक पर रखकर अपने 600 वर्गमीटर के प्लॉट में रातभर खोदाई कराई। इससे विमलेश कुमारी के मकान की नींव क्षतिग्रस्त हो गई और वह दक्षिण की ओर झुक गया। उसमें बड़ी-बड़ी दरारें आ गईं। शुक्रवार सुबह छह बजे परिवार की नींद खुली तो मकान की स्थिति देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन विमलेश कुमारी ने अपने परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पीड़ित परिवार का कहना है कि जब उन्होंने इस संबंध में वेद प्रकाश  से शिकायत की तो उन्होंने बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) से नक्शा स्वीकृत होने का दावा करते हुए पल्ला झाड़ लिया। मामले की सूचना कोतवाली पुलिस व बीडीए को दी गई। बीडीए ने जांच के दौरान पाया कि निर्धारित मानकों के अनुसार काम नहीं किया जा रहा था, जिस वजह से यह घटना हुई है। बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने बताया कि दो मीटर छोड़कर बेसमेंट का निर्माण कराने की अनुमति थी, लेकिन इसके विपरीत काम किया गया। बेसमेंट के निर्माण पर रोक लगा दी गई है। संबंधित से जवाब तलब किया जाएगा। 

विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन

मकान के पास लगाया गया चेतावनी बोर्ड - फोटो : अमर उजाला
पीड़ित को ही दे दिया नोटिस किरकिरी के बाद बदला
नगर निगम को अपनी कारगुजारी की वजह से फजीहत का सामना करना पड़ा। मकान झुकने की शिकायत पर नगर निगम ने विमलेश कुमारी के पति जोगेंद्र सिंह के खिलाफ ही नोटिस जारी कर उसे आरोपी से रिसीव करा दिया। जब निगम को पता चला कि उन्होंने पीड़ित को ही नोटिस जारी कर दिया हैं तो फजीहत से बचने के लिए आनन-फानन उसे बदल कर वेद प्रकाश अग्रवाल का नाम लिखा गया। अब दोनों नोटिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और लोग निगम की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहे हैं

नगर निगम ने भी भेजा नोटिस
शहर के पॉश इलाके में हुई घटना के बाद नगर निगम में भी शुक्रवार शाम कार्रवाई कर दी। अधिशासी अभियंता राजीव राठी ने बताया कि वेद प्रकाश अग्रवाल की ओर से सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर बेसमेंट का निर्माण किया जा रहा था। इससे पड़ोस के मकानों में क्षति पहुंची है। नगर निगम ने नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि अगर निर्माण कार्य के दौरान कोई भी हानि होती है तो उसकी जिम्मेदारी स्वामी की होगी।

मकान के पास बैरिकेडिंग की गई, लगाए चेतावनी बोर्ड
नगर निगम, बीडीए व पीडब्लूडी के अधिकारी शुक्रवार रात तक मौके पर डटे रहे। मकान को खाली करवाकर विमलेश कुमारी के परिवार को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। मकान लगातार झुक रहा है, ऐसे में कभी भी कोई हादसा हो सकता है। इसलिए मकान के आसपास बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। नगर निगम ने भवन क्षतिग्रस्त है कृपया दूरी बनाए रखें जैसे बोर्ड भी लगाए हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें