बरेली। यूपी टीईटी यानी उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा में सॉल्वर को बैठने से रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए सेंटर पर अपनी आईडी लानी होगी। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने इसके निर्देश जारी किए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक का कहना है कि परीक्षा के वक्त अभ्यर्थियों की आईडी चेक की जाएगी। उन्होंने परीक्षा के लिए आनलाइन आवेदन में अपनी जो आईडी लगाई, उसको लेकर सेंटर पर आना होगा। इतना ही नहीं, एक बार परीक्षा के लिए बैठने के बाद परीक्षा समाप्त होने तक किसी भी अभ्यर्थी को उठने नहीं दिया जाएगा। इस दौरान उनको टायलेट जाने या पानी पीने के लिए उठने तक की छूट नहीं दी जाएगी। परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय के 10 मिनट के बाद किसी अभ्यर्थी को परीक्षा सेंटर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सोमवार दो फरवरी को यूपीटीईटी दो पालियों में होगी। सुबह 10 से 12.30 बजे तक जूनियर वर्ग का पेपर होगा। इसके लिए शहर में 27 सेंटर बनाए गए हैं। इन पर 13339 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दूसरी पाली में अपरान्ह 2.30 से सायं पांच बजे तक प्राइमरी वर्ग का पेपर होगा। इसके लिए नौ सेंटर बनाए गए हैं। इन पर 4881 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रशासन और शिक्षा विभाग ने परीक्षा के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। सेंटर व्यवस्थापक के अतिरिक्त प्रशासन और शिक्षा विभाग का एक-एक पर्यवेक्षक प्रत्येक सेंटर पर तैनात रहेगा। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट पर केंद्रों पर नजर रखेंगे। पुलिस बल भी मौजूद रहेगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष के अंदर मोबाइल ले जाने की छूट नहीं रहेगी। डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बताया के पेपर आ गए हैं। इनको डबल लाक में सुरक्षित रखवा दिया गया है। वहीं, इस परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों के बड़ी तादाद में आने के चलते रोडवेज बस स्टेंड और रेलवे जंक्शन पर भी भीड़भाड़ का अनुमान है।