बरेली। नदौसी में 24 करोड़ के बजट से स्थापित मंडलीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब कलक्ट्रेट स्थित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन का कार्यालय शिफ्ट हो गया है। अब यहां पर दिसंबर से खाद्य पदार्थ और औषधियों की जांच होगी।
मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए शासन के निर्देश पर करीब तीन वर्ष पूर्व सीबीगंज के नदौसी में मंडलीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला का निर्माण शुरू हुआ। पिछले वर्ष निर्माण पूरा होने के बाद भवन हस्तांतरित कर दिया गया। उपकरण स्थापना की प्रक्रिया से भवन में कार्यालयों के स्थानांतरण की कवायद सुस्त रही। दो माह पूर्व अनुमति मिलने के बाद कलक्ट्रेट स्थित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) कार्यालय शिफ्टिंग के लिए जिलाधिकारी ने पहल की। अब कलक्ट्रेट से 16 किमी दूर नए भवन में कार्यालय शिफ्ट हो गया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के मुताबिक लैब में नियुक्ति की प्रक्रिया शासन स्तर से चल रही है। लैब में बरेली समेत पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं के भरे जाने वाले खाद्य पदार्थ और दवा के नमूनों की जांच होगी। सरकारी दर पर व्यक्तिगत भी जांच कराई जा सकती है। ब्यूरो
माइक्रोबायोलॉजिकल जांच से मिलेगी सटीक रिपोर्ट
जिला अभिहीत अधिकारी अपूर्व श्रीवास्तव के मुताबिक प्रयोगशाला में खाद्य पदार्थों और औषधियों की जांच के लिए जरूरी उपकरण लगाए जा चुके हैं। संचालन की तैयारी थी, लेकिन शासन से माइक्रोबायोलॉजिकल जांच संबंधी निर्देश हुए। ताकि मिलावटीखोर लोगों की सेहत से खिलवाड़ न कर सकें। शुद्धता की गारंटी रहे। लैब में खाद्य पदार्थों में बैक्टीरिया, वायरस, फंगस, माइक्रोटॉक्सिंस जैसे सूक्ष्म जीवाणुओ की जांच हो सकेगी।