फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खौफजदा ग्रामीण बोले, पुलिस पर नहीं भरोसा अब खुद करेंगे हिफाजत

विज्ञापन
लूटपाट के बाद घरों में पड़े ताले। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

दहशतजदा पीड़ित परिवार ने छोड़ा घर, जख्मी मां - बेटे की हालत में सुधार
विज्ञापन

शिवपुरी गांव में लूट के दौरान मां-बेटे को लुटेरों ने मारी थी गोली

बरेली। फतेहगंज पूर्वी के गांव शिवपुरी में सोमवार रात पंखिया गैंग ने जिस बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम दिया उससे ग्रामीण अभी तक दहशत में हैं। खौफजदा परिवार जहां गांव के बाहर स्थित अपने घर में ताला लगाकर गांव में मौजूद अपने बाकी कुनबे के साथ रहने पहुंच गया है वहीं गांव वालों ने दो टूक कहा है कि वह अब पुलिस के भरोसे रहने वाले नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे अपनी हिफाजत का इंतजाम खुद करेंगे और गश्त व निगरानी के लिए गांव में टीमें गठित की जाएंगी। हालांकि घटना के बाद गांव में यूपी 112 पुलिस का प्वाइंट फिर से बना दिया गया है। बदमाशों की गोली से जख्मी होने के बाद अस्पताल में भर्ती मां-बेटे की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि सोमवार रात शिवपुरी गांव में पंखिया गैंग के तीन बदमाश सूर्य प्रताप के घर में घुस आए थे। घेराबंदी के दौरान दो बदमाश फायरिंग कर भाग निकले थे। बदमाशों की गोली लगने से सूर्य प्रताप की पत्नी ज्योति और बेटा अर्पित घायल हो गए थे। गांव वालों ने गबरू नाम के एक बदमाश को पकड़कर पुलिस को सौंपा था। उसके दो साथी बबलू और अनवार मौके से भाग निकले थे। घायल ज्योति और अर्पित का अभी इलाज चल रहा है। बदमाश को पकड़ने में सूर्य प्रताप को भी चोट लगी थी। वह भी जिला अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, सूर्य प्रताप के परिवार ने गांव के किनारे बने इस मकान में ताला लगा दिया है। सूर्य प्रताप के भाई मनमोहन ने बताया कि तीनों लोगों की छुट्टी होने के बाद अब वे लोग एकसाथ गांव के अंदर बने मकान में रहेंगे। ग्राम प्रधान शैलेंद्र सिंह के भाई पुष्पेंद्र सिंह का कहना है कि घटना से गांव वाले दहशत में हैं, अब वे लोग खाली पुलिस के भरोसे नहीं रहेंगे। बल्कि अपनी सुरक्षा खुद करेंगे। रात में गश्त और निगरानी के लिए ग्रामीणों की टीमें बनाई जाएंगी। सूर्य प्रताप के घर के पास ही स्थित पेट्रोल पंप के मैनेजर दिनेश तिवारी ने भी खतरा जताया है।

हटाने के बाद फिर लगाई यूपी 112

शिवपुरी के लोगों ने बताया कि पहले सूर्य प्रताप के घर के पास स्थित पेट्रोल पंप पर यूपी 112 की गाड़ी खड़ी रहती थी। कुछ महीने पहले उसे हटा दिया गया। इसके बाद शराब दुकान में चोरी हुई। कुछ दिन पहले एक महिला के कुंडल भी लूट लिए गए। लेकिन पुलिस की ड्यूटी नहीं लगाई गई। अगर यहां यूपी 112 तैनात होती तो शायद यह वारदात न होती। हालांकि इस वारदात के बाद मंगलवार से गांव में यूपी 112 का प्वाइंट बना दिया गया है।

पंखाखेड़ा में बदमाशों का कनेक्शन तलाशने को दी दबिश

बरेली। शिवपुरी में हुई घटना बाद गांव वालों के शक की सुई फतेहगंज पूर्वी के गांव पंखाखेड़ा की ओर घूम रही है। गांव वालों का कहना है कि पंखाखेड़ा में भी कुछ शातिर बदमाश हैं। रेकी करने के बाद ये बदमाश अपने रिश्तेदारों को बुलाकर वारदात करा देते हैं। इसके चलते पुलिस ने वहां भी दबिश दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

फतेहगंज पूर्वी का गांव पंखाखेड़ा के कुछ बदमाश भी दूर-दूर तक वारदात करते हैं। करीब दो साल पहले एक वारदात में नाम आने के बाद पुलिस इस गांव में दबिश को गई तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी। इसमें पुलिसकर्मी घायल भी हुए थे। मगर इसके बाद पुलिस ने फिर इस गांव के बदमाशों से दोस्ती कर ली। दो साल पहले जेल से छूटे एक नामी पंखिया बदमाश ने अपने भतीजे की शादी की तो उसमें कई नेता और पुलिस वाले पहुंचे थे। इस दावत की काफी चर्चा भी रही थी। फतेहगंज पूर्वी के गांव शिवपुरी में लूट और फायरिंग की इस घटना के बाद गांव वाले फिर पंखाखेड़ा के बदमाशों पर शक जता रहे हैं। गांव वालों का कहना है कि बेशक लूट की घटना में पंखाखेड़ा के बदमाश सामने नहीं आए हैं लेकिन रेकी करने में उनका हाथ हो सकता है। इसके बाद सोमवार रात पुलिस ने पंखाखेड़ा गांव में दबिश भी दी लेकिन कोई बदमाश हाथ नहीं आया।

गांव में यूपी 112 का प्वाइंट बना दिया गया है। वारदात में शामिल दो बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पंखिया खेड़ा से कनेक्शन की भी जांच कराई जा रही है। - आलोक अग्रहरि, सीओ फरीदपुर

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें