बरेली। टेंपो चालकों की दादागीरी और अराजकता का मसला सोमवार को नगर निगम कार्यकारिणी बैठक में भी उठा। इन पर लगाम कसने के लिए टेंपो के पंजीकरण की कवायद फिर शुरू हो रही है। मेयर ने आउटसोर्सिंग एजेंसी चयन के लिए दोबारा टेंडर कराने की बात कही। प्राइवेट एजेंसी टेंपो और आटो का पंजीकरण कर उनसे शुल्क की वसूली करेगी। बैठक में सड़क पर गंदगी फैलाने वाले होटल और बारातघरों के लाइसेंस निरस्त करने, छोटे सीवर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने समेत कई मुद्दों पर विचार किया गया। मेयर और सदस्यों के बीच कई मुद्दों पर लंबी बहस और नोकझोंक के बाद कार्यकारिणी ने 11 प्रस्तावों को मंजूरी दे दी।
मेयर डा. आईएस तोमर की अध्यक्षता में सोमवार अपराह्न तीन बजे महापौर कक्ष में हुई नगर निगम कार्यकारिणी में 14 अक्टूबर और 11 नवंबर 2015 की बैठक की पुष्टि की गई। भाजपा सदस्य कपिलकांत ने टैक्स सर्वे के लिए आउटसोर्सिंग एजेंसी को 12 लाख का पेमेंट कार्यकारिणी की बिना अनुमति लिए करना धारा 560 का उल्लंघन बताया। उनकी मेयर और सपा पार्षदों से नोकझोंक हो गई। राजेश अग्रवाल ने जलनिगम की जमीन की डिमांड पर हजियापुर में एसटीपी लगाने का सुझाव दिया। बताया गया कि यहां जमीन कम है। 110 एमएलडी का प्लांट लगाने के लिए 10 हेक्टेयर जमीन चाहिए। नगर आयुक्त शीलधर सिंह यादव ने जानकारी दी कि मेरठ में दिल्ली की कंपनी ने बहुत कम जमीन पर छोटे-छोटे सीवर ट्रीटमेंट प्लांट लगाए हैं। इसी तर्ज पर बरेली में भी छोटे प्लांट लगाए जा सकते हैं। अमृत योजना में इनका प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है। एई जलकल आरबी राजपूूत ने सरायतल्फी में पंपिंग स्टेशन के निकट एसटीपी लगाने की राय रखी। जलकल विभाग में सात करोड़ का बजट खर्च न होने पर चिंता जताई गई। छोटे सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का अध्ययन करने के लिए 28 जनवरी को अफसर और कार्यकारिणी सदस्यों का दल मेरठ जाएगा। नगर आयुक्त ने डोर टू डोर कूड़ा योजना में यूजर चार्ज न देने और सड़क पर कूड़ा फैलाने वाले होटल, बैंकट हाल, बारातघर, बड़े प्रतिष्ठानों के चालान काटने के साथ लाइसेंस निरस्त करने की बात कही। जिसका सदस्यों ने स्वागत किया।
ये टैक्स कर्मचारी किस काम के
सदस्यों ने कहा कि टैक्स विभाग में 35 सुपरवाइजर और लिपिक पूरे दिन खाली बैठे रहते हैं। जब इनके पास कोई काम नहीं है तो वे फील्ड में जाकर टैक्स वसूली बढ़ाएं। सबने इस पर सहमति जताई। अक्षर विहार तालाब से अतिक्रमण हटाकर सुन्दरीकरण कराने पर कोई निर्णय नहीं हो पाया।
जवाब नहीं दे पाए जीएम जलकल
भाजपा सदस्य ने जेई जलकल पीसी आर्या के एई पद के हस्ताक्षर से 6.77 लाख का भुगतान होने को नियम विरुद्ध बताया। जीएम जलकल से मामले से संबंधित प्रपत्र रखने की मांग की। जीएम जलकल पार्षद को अपने जवाब से संतुष्ट नहीं कर पाए।
कार्यकारिणी में मुख्य रूप से ये प्रस्ताव स्वीकृत हुए
1- शीतलहर में गरीबों को कंबल वितरण में 18.40 लाख का खर्च
2- वार्ड 16 में 19.95 लाख से हॉटमिक्स सड़क निर्माण
3- वार्ड 43 शास्त्रीनगर में 20 लाख से हॉटमिक्स सड़क सुधार
4- संजय नगर शमशान भूमि से पीलीभीत बाईपास रोड का नाम संत गाडगे के नाम पर रखना
5- आजाद इंटर कालेज के निकट पुराने पार्क को विकसित करना
बैठक में ये मौजूद रहे
उपसभापति रेहान अली, आरिफ कुरैशी, विपुल लाला, महेंद्र कनौजिया, रीता डुसेजा, सुनीता यादव, सुखदीश कश्यप, अपर नगर आयुक्त ईश शक्ति कुमार सिंह, जीएम जलकल एमएल मौर्य, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अशोक कुमार, एक्सईएन सतीश कुमार, गयूर अहमद आदि।