आंवला। मोहब्बतगंज गौटिया के समीप टेंपो के पलटने से हुए हादसे में वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर घायल हो गए।
परिजनों के अनुसार, शनिवार वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव पेपल निवासी 60 वर्षीय महिला बिलकिसन रिश्तेदारों के साथ टेंपो से बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती परिचित मरीज को देखने के लिए जा रही थीं।
इसी दौरान रेलवे स्टेशन रोड स्थित मोहब्बतगंज गौटिया के समीप सामने कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने में टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें बिलकिशन समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर आई पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
यहां मौजूद डाक्टरों ने बिलकिसन को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल थाना फैजगंज बेहटा के गांव ओरछी निवासी अबुबकर और शहाना, पेपल गांव निवासी फरजाना और बेगम खातून, थाना इस्लामनगर के गांव भवनीपुर निवासी रूखसाना का उपचार शुरू कर दिया।
प्राथमिक उपचार के बाद अबुबकर और फरजाना जिला अस्पताल भेज दिया गया है। कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि बिलकिसन के परिजनों ने हादसे के मामले में तहरीर देने व पोस्टमाॅर्टम कराने से इन्कार कर दिया है।
युवक को टक्कर मारने वाले कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट
शीशगढ़। थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर निवासी आसेराम ने टक्कर मारने वाले कार चालक के खिलाफ शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, ंसोमवार को मानपुर बहेड़ी रोड पर कनकटी गांव के पास एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक सुरजीत की मौत हो गई थी। उनको कार ने टक्कर मार दी थी। सुरजीत कुतुबपुर गांव के निवासी थे। शीशगढ़-बहेड़ी रोड पर मानपुर की तरफ से अपने घर लौट रहे थे। थानाध्यक्ष हरेंद्र सिंह ने बताया कि युवक के पिता आसेराम की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद