बरेली। चौपुला स्थित टेलीफोन एक्सचेंज पर अपने को जीआरपी का दरोगा बताने वाले व्यक्ति से गार्ड की कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर दोनों में मारपीट हो गई। गार्ड ने गेट बंद कर दिया। जिससे जीआरपी का कथित दरोगा और उसके साथ आया युवक अंदर ही बंद हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई, जहां उनका समझौता हो गया।
घटना शुक्रवार दोपहर के समय कोतवाली क्षेत्र के चौपुला स्थित टेलीफोन एक्सचेंज पर हुई। यहां एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी में पहुंचा। जिसने अपने को जीआरपी का दरोगा बताया और गेट से बगैर एंट्री किए अंदर घुस गया। इसके पीछे से एक अन्य युवक भी आ गया। गार्ड ने एतराज जताया तो कहासुनी होने लगी और दोनों में मारपीट हुई। तभी गार्ड ने गेट बंद कर दिया। जिससे आफिस के अंदर काम कर रहे लोग बाहर आ गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कोतवाल सुधीर पाल धामा ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो जाने पर उन्हें छोड़ दिया गया।