मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
फरीदपुर। सरसों का तेल पेरने वाली स्पेलर मशीन में किशोर का हाथ फंसकर कट गया। पीड़ित ने स्पेलर मशीन मालिक के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद फरीदपुर पुलिस ने दो माह बाद रिपोर्ट दर्ज की है।
कस्बे के मोहल्ला परा निवासी शिवोम शर्मा का 17 वर्षीय पुत्र अर्पित शर्मा पारिवारिक आर्थिक स्थिति ठीक न होने से राजेश जायसवाल उर्फ कल्लू लाला की किराने की दुकान पर काम करने गया था। उन्होंने भतीजे अंकित जायसवाल की सरसों का तेल पेरने की मशीन पर रस्सी बांधने के लिए भेजा, जहां अंकित ने उसे मशीन पर तेल पेरने के लिए जबरन लगा दिया। इसी दौरान किशोर का दाहिना हाथ मशीन में चला गया। वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। तभी अंकित मशीन बंद कर मौके से फरार हो गया। अन्य लोगों ने किशोर का हाथ मशीन से बमुश्किल निकाला। अस्पताल में उपचार के दौरान उसके हाथ में सेप्टिक बन गई। इस कारण डॉक्टरों ने उसका हाथ कोहनी से काट दिया।
पीड़ित ने मशीन मालिक के खिलाफ कई बार थाने से लेकर उच्च अधिकारियों तक रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद फरीदपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद