सिंधौली। खेत में भैंस घुसने पर किशोर की तीन ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पीट दिया। घायल किशोर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से रेफर करने पर बरेली ले जाते समय उसकी मौत हो गई। उसे बचाने गए युवक को भी पीटा गया। इधर, पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए परिवार वालों के साथ सपा नेताओं ने एसपी ऑफिस के सामने शव रखकर एक घंटे तक हंगामा किया। एसपी देहात ने दो दिन का समय मांग कर सभी को शांत कराया।
पुवायां थाना क्षेत्र के गांव नवादा सोनबरसा निवासी महेश पाल सपा कार्यकर्ता हैं। उनका 15 वर्षीय पुत्र कुलदीप शनिवार दोपहर अपनी भैंस को नहलाने व चराने के लिए पड़ोस के ही सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव बड़ेला के झावर गया था। वहां से शाम 4.30 बजे लौटते समय सिसैया गांव में कुलदीप की भैंस धर्मेंद्र के खेत में घुस गई और धान की फसल पर मुंह मार दिया। इससे तमतमाए धर्मेंद्र, भूपेंद्र और साधु ने कुलदीप पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें कुलदीप के सिर में गुम चोट आईं और वह बेहोश हो गया। इसी बीच उसको देखकर बचाने आए गांव के ही पंकज पुत्र मलखान को भी आरोपियों ने पीटा, लेकिन वह किसी तरह से जान बचाकर गांव पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। गांव वालों के साथ परिवार वाले मौके पर पहुंचे और 112 पर फोन करके सूचना दी। इसके साथ ही 108 एंबुलेंस को बुलाकर घायल कुलदीप को सिंधौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने कुलदीप को बरेली रेफर कर दिया। रात साढे़ 12 बजे बरेली पहुंचने से पहले ही घायल कुलदीप ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मामले की तहरीर रविवार की सुबह थाने पर दी गई।