यूपी बोर्ड परीक्षा में आनंद मेमोरियल इंटर कॉलेज भिलइया बहेड़ी में इंटरमीडिएट का प्राइवेट छात्र पेन में नकल रखकर लाया था। डीआईओएस के सचल दल ने उसे पकड़ लिया। वहीं परीक्षा कक्ष में प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक शराब पीकर ड्यूटी कर रहे थे। डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बीएसए से उन्हें सस्पेंड करने के लिए कहा है।
आनंद मेमोरियल इंटर कॉलेज भिलइया बहेड़ी में बुधवार को दूसरी पाली में केमिस्ट्री के दूसरे पेपर की परीक्षा थी। डीआईओएस गजेंद्र कुमार के सचल दल ने वहां पहुंचकर तलाशी ली तो छात्र के पेन में चार पर्चियां मिलीं। इस परीक्षा कक्ष में प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक ड्यूटी कर रहे थे। वह शराब पिये हुए थे। उन्हें पता ही नहीं था कि परीक्षा कक्ष में क्या चल रहा है।
डोरी लाल मेमोरियल के केंद्र व्यवस्थापक बदले
बरेली। श्रीडोरी लाल मेमोरियल सरस्वती इंटर कॉलेज जियानगला में बीएसए के सचल दल ने निरीक्षण के दौरान कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी में अनियमितता पाई। यहां सीटिंग प्लान भी गड़बड़ मिला। वहां एक तरफ कक्षाएं चल रही थीं और दूसरी तरफ परीक्षाएं हो रही थीं। इस व्यवस्था पर बीएसए ने आपत्ति की और केंद्र व्यवस्थापक सोमपाल को बदलने के निर्देश दिए।