बरेली। कांकरटोला क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर स्कूल की शिक्षिका से छेड़छाड़ कर रहे बाइक सवार दो शोहदों को नमाज पढ़कर घर आ रहे मस्जिद के मुतावल्ली और जरी कारोबारी मंसूर आगा खान ने टोका। लड़के बदसलूकी करने लगे तो शिक्षिका को बचाते हुए उन्होंने एक शोहदे को थप्पड़ जड़ दिया। इससे गुस्साए शोहदे ने शाम को अपने तीस-चालीस साथियों के साथ मुतवल्ली के घर पर हमला बोल दिया और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। मोहल्ले में भगदड़ मची तो शोहदे फायरिंग करते हुए भाग गए। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
बारादरी इलाके की कांकरटोला चौकी के पास रहने वाली एक युवती निजी स्कूल में शिक्षिका है। वह शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे स्कूल से लौट रही थी। चौकी के पास मोहल्ला रोहली टोला मोड़ पर पुराना शहर के ही मोहल्ला खदना के रहने वाले बाइक सवार नदीम ने अपने साथी की मदद से शिक्षिका को घेर लिया। वह स्कूल से ही उसका पीछा करते आ रहे थे। नदीम ने अपने साथी की मदद से उसे बाइक पर बैठाने की कोशिश की तो वह चीख पड़ी। इसी दौरान जुमे की नमाज पढ़कर घर लौट रहे रोहली टोला निवासी मस्जिद अब्बासियान के मुतवल्ली मंजूर आगा खान ने नदीम को एक थप्पड़ जड़ दिया। दोपहर तो नदीम चला गया, लेकिन वह शाम छह बजे अपने तीस-चालीस साथियों के साथ मंजूर आगा खान के घर पर धावा बोलते हुए फायरिंग करनी शुरू दी। आरोप है कि उन्होंने करीब दस राउंड फायरिंग की। दहशत में लोगों ने दुकानों के शटर गिरा लिए थे। बाद में कुछ लोग घरों से निकल कर साहस जुटाते निकले तो शोहदे और उनके साथियों को खदेड़ दिया। फायरिंग की खबर पाकर सीओ सिटी तृतीय डीएस मार्छाल मौके पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर बारादरी मुहम्मद कासिम ने नदीम और उसके साथियों की तलाश में सूफी टोला स्थित उसके खाने के होटल और गली में दबिश दी। नदीम तो नहीं मिला, लेकिन पुलिस ने उसके होटल पर काम करने वाले शकील व एक अन्य युवक को पकड़ लिया और थाने ले गई। मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को मंसूर आगा खान और शिक्षिका के भाई ने संयुक्त रूप से तहरीर दे दी है। मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिख लिया गया है।