नवाबगंज। आवासीय विद्यालय में रहने वाले शिक्षक ने नींद की गोलियां खाने के बाद खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आए तो तलाश शुरू हुई। पुलिस भी पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शिक्षक का मेडिकल कराया है।
विकासखंड नवाबगंज के एक गांव में आवासीय विद्यालय संचालित है। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने पुलिस को बताया कि शनिवार को एक शिक्षक कमरा बंदकर सो गए। शाम की सभा में जब वह नहीं पहुंचे तो तलाश शुरू हुई। उनका कमरा अंदर से बंद मिला। अंदर लाइट भी नहीं जल रही थी। कई आवाज देने के बाद भी जब अंदर से जवाब नहीं आया तो पुलिस को बुलाया गया।
उप निरीक्षक राजेश कुमार और विजय कुमार ने भी काफी देर तक प्रयास किया मगर शिक्षक बाहर नहीं आए। खिड़की से जब पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे तो शिक्षक ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया। कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला जा सका।
प्रधानाचार्य ने बताया कि शिक्षक ने पारिवारिक विवाद की वजह से नींद की गोलियां खाने की बात कही है। उन्होंने लिखित माफीनामा भी दिया है। उनके बयान भी दर्ज कराए गए हैं। कोतवाल ने बताया कि शिक्षक का मेडिकल कराया गया है।