बाल दिवस को बच्चों के लिए खास बनाने को स्कूलों में शिक्षकाें ने विशेष तैयारियां की हैं। कई स्कूलों में शिक्षक बाकायदा बच्चों के लिए प्रोग्राम प्रस्तुत कर उनका मनोरंजन करेंगे। बच्चे और शिक्षकों की टीम बनाकर कई मनोरंजक प्रतियोगिताएं खेली जाएंगी।
केंद्रीय विद्यालय, जेएलए में बाल दिवस और ग्रैंड पेरेंट्स डे मनाया जाएगा। प्रधानाचार्य सुरेश शर्मा ने बताया कि कक्षा एक से पांचवीं तक के बच्चों के दादा-दादी को आमंत्रित किया गया है। बीबीएल पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य दीपक अग्रवाल ने बताया कि टीचर्स बच्चों के साथ मिलकर अंताकक्षरी खेलेंगे और कई गेम कराए जाएंगे। अल्मा मातेर स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिता कराई जाएगी। विष्णु बाल सदन स्कूल में बच्चों के लिए मेला लगाया जाएगा। दूसरी ओर, प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल में खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
उर्स के कारण ये स्कूल रहेंगे बंद
14 और 15 नवंबर को उर्से रजवी के कारण जीआरएम और सेंट मारिया, सेक्रर्ड हार्ट्स, माधो राव सिंधिया, पद्मावती एकेडमी, पर्ल्स नेक्स्ट जेनरेशन स्कूल बंद रहेंगे। 15 को बिशप कोनराड, अल्मा मातेर, विद्या भवन पब्लिक स्कूल, बीबीएल बंद रहेगा। सेंट मारिया की प्रिंसिपल ने बताया कि 16 तारीख को बाल दिवस मनाएंगे।
क्लब कराएंगे कार्यक्रम
0 इनरव्हील क्लब ऑफ बरेली नार्थ मंगलवार दोपहर 12 से प्राथमिक विद्यालय ब्रह्मपुरा प्रथम व द्वितीय एवं भूड़ में विशेष कार्यक्रम करेगा।
0 बरेली क्लब लिमिटेड की ओर किरन बक्शी ने जानकारी दी है कि बरेली क्लब में अपराह्न तीन बजे से कार्यक्रम होंगे। जिसमें फैंसी ड्रेस, बोरा दौड़, रस्साकशी और कैलीग्राफी और सुलेख प्रतियोगिता होगी।
कई स्कूलों में हुए कार्यक्रम
बरेली। जीआरएम स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ मेग्नेट सिटी के साथ मिलकर बाल दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजि किया। 6 से 8वीं तक के बच्चों ने डांस प्रतियोगिता, 9 और 10वीं के बच्चों ने म्यूजिकल चेयर, 11 और 12वीं कक्षा के बच्चों ने रस्साकसी प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रिंसिपल मधु मिश्रा, रोटरी क्लब ऑफ मेग्नेट सिटी की ओर से मनजीत सिंधी और डॉ. मनोज हिरानी मौजूद रहे।
दूसरी ओर, बिशप कोनरॉड स्कूल के जीनियर विंग में बाल दिवस मनाया गया। जिसके बाद इन बच्चों की दो दिन की छुट्टी कर दी गई है। प्रिंसिपल ने बताया कि मंगलवार को सीनियर विंग में कार्यक्रम कराए जाएंगे। पद्मावती एकेडमी में सोमवार को बाल दिवस मनाया गया। किंडरगार्डन के बच्चों ने कविता सुनाई और डांस किया। कोआर्डिनेटर सौरभ सक्सेना ने बच्चों को पंडित जवाहर लाल नेहरू के जीवन के बारे में बताया। प्रिंसिपल डॉ. मो. खालिद, चेयरमैन पारुष अरोरा, वाइस चेयरमैन ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
तरनप्रीत को ब्लैक बेल्ट
बरेली। एसआर इंटरनेशनल के तरनप्रीत ने उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से आयोजित 36वीं ताइक्वांडो डैन के पहले प्रमोशनल टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन कर ब्लैक बेल्ट हासिल की है। लखनऊ के रामलीला ग्राउंड ऐशबाग में छह से आठ नवंबर यह प्रतियोगिता हुई। इसमें बरेली के 28 खिलाड़ियों ने भाग लिया। तरनप्रीत की इस उपलब्धि पर प्रिंसिपल अल्पना जोशी और मैनेजिंग डायरेक्टर रूमा गोयल ने बधाई दी।