समर्पण के बाद जेल में पुलिस ने लिए बयान तो बताया सच
बरेली। शिक्षक अवधेश हत्याकांड में हत्यारोपी पत्नी विनीता के भाई प्रदीप जादौन समेत तीन लोगों ने बुधवार को कोर्ट में समर्पण कर दिया था। पुलिस ने जेल जाकर प्रदीप के बयान दर्ज किए तो पता चला कि आगरा के एक कथित पत्रकार ने इज्जतनगर इंस्पेक्टर से उसकी सेटिंग कराने की गारंटी लेकर पांच लाख रुपये ऐंठ लिए। प्रदीप ने रकम का इंतजाम करने के लिए जमीन भी बेच दी, लेकिन कार्रवाई से नहीं बच सका।
फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र के मूल निवासी और बरेली के सहोड़ा स्थित इंटर कॉलेज में हिंदी प्रवक्ता अवधेश कुमार की 12 अक्तूबर की रात उनके कर्मचारीनगर स्थित आवास में हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद अवधेश की पत्नी विनीता ने बरेली कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। शुक्रवार को उसकी जमानत अर्जी भी खारिज हो गई। तीन अन्य आरोपियों विनीता के भाई प्रदीप जादौन, बहन ज्योति और प्रेमी आगरा निवासी अमित सिसौदिया ने बुधवार को कोर्ट में समर्पण कर दिया था। इंस्पेक्टर केके वर्मा ने जेल में जाकर इन सभी के बयान दर्ज किए।
बकौल पुलिस, प्रदीप ने स्वीकार किया कि बहन विनीता की बातों में आकर उसने और परिवार के लोगों ने अवधेश की हत्या में उसका साथ दिया। घटना के बाद वे लोग घबरा गए थे। एक से दूसरे शहर में छिपकर वक्त गुजार रहे थे। इस दौरान उन्होंने कानूनी मदद और संरक्षण पाने के लिए लखनऊ, प्रयागराज, आगरा और बदायूं में वक्त गुजारा। प्रदीप ने बताया कि आगरा के एक कथित पत्रकार से उसका परिचय था। उसने कहा कि इज्जतनगर इंस्पेक्टर केके वर्मा से उसके व्यक्तिगत संबंध हैं, लखनऊ तक के पुलिस अफसरों तक पहुंच है। अगर वह पांच लाख रुपये खर्च करे तो वह केस से उसका नाम निकलवा देगा।
इस पर प्रदीप ने पिता की इच्छा के विरुद्ध 10 लाख रुपये में जमीन बेचकर पांच लाख रुपये कथित पत्रकार को दे दिए। इसके बाद पत्रकार लापता हो गया। उसने मोबाइल भी बंद कर लिया। हर ओर से निराश होने के बाद प्रदीप ने बहन और दोस्त के साथ कोर्ट में समर्पण करने का फैसला किया। प्रदीप के पिता अनिल फौजी आत्मसमर्पण के खिलाफ थे, इसलिए वह भाग गए। एक अन्य आरोपी भोला भी हाथ नहीं आ सका है। इंस्पेक्टर केके वर्मा बताया कि इस मामले में अब दो ही आरोपियों की गिरफ्तारी शेष हैं। इनकी जल्द गिरफ्तारी न हुई तो 25 दिसंबर के बाद उनकी कुर्की के लिए कोर्ट में आवेदन करेंगे।