बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना मंगलवार को संजय गांधी मेमोरियल सेंटर में होगी। इसमें 17 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा, जिसके लिए नौ टेबलों पर व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना मंगलवार को संजय गांधी मेमोरियल सेंटर में होगी। आठ मतगणना टेबल और एक रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) टेबल समेत कुल नौ टेबलों पर मतगणना की व्यवस्था की गई है। करीब 35 हजार मतपत्रों की गिनती के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में लगाई गई है। चुनाव में 17 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। 23 अक्तूबर को हुए मतदान में मंडल के 73.69 प्रतिशत यानि 35146 मतदाताओं ने वोट डाले थे।
विज्ञापन
प्रत्याशी और आठ एजेंटों को प्रवेश
मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर शंभू कुमार के अनुसार, प्रत्याशी अपने आठ-आठ मतगणना एजेंटों के साथ परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। समर्थकों को मतगणना स्थल से 100 मीटर दूर रहना होगा। परिसर में 15 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। काउंटिंग एजेंटों और मतगणना कर्मियों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं।
सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। मतगणना कर्मियों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया है। मतगणना राउंडवार निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कराई जाएगी। जीतने वाले प्रत्याशियों को जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।
विज्ञापन
Trending Videos
ये हैं 17 प्रत्याशी
चुनाव में भाजपा से डॉ. हरि सिंह ढिल्लों और सपा से हाजी दानिश अख्तर मैदान में हैं। निर्दलीय प्रत्याशियों में संजय कुमार मित्रा, राजेंद्र कुमार गंगवार, रेनू मिश्रा, राज कुमार सिंह, हरेंद्र सिंह, विमलेंद्र कुमार शर्मा, राजीव कुमार, नरेश कुमार शर्मा, रमेश चंद्र, बहार आलम, रोहित अल्ताफ, विद्युत कुमार, डॉ. सुनीत गिरि, नाज रिजवी और नेत्रपाल शामिल हैं।
मतगणना स्थल पर अफसरों ने की तैयारियों की समीक्षा
सोमवार को मतगणना स्थल पर सुबह से बैरिकेडिंग, सेफ हाउस व्यवस्था समेत टेबल, कुर्सी, मतपेटियों को काउंटिंग के बाद रखने की व्यवस्था, मत मिश्रण पेटी, कैंसल वोट का अलग बक्सा, समेत अधिकारी, कर्मचारी, प्रत्याशी, एजेंट, रिजर्व कर्मी, पुलिस, पेयजल, सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं को परखा।
चुनाव आयोग के निर्देशानुसार निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना सम्पन्न कराने के लिए निर्देशित किया। यहां मंडलायुक्त समेत जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, सीडीओ देवयानी, अपर आयुक्त प्रशासन प्रीति जायसवाल, एसडीएम, एडीएम व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।