फरीदपुर (बरेली)। यूनिफाॅर्म के बजाय दूसरे रंग का कोट पहनकर स्कूल गई छात्रा के बटन शिक्षक ने कैंची से काट दिए। विरोध पर शिक्षकों ने उसे बाहर कर दिया। छात्रा ने घर जाकर बताया तो परिजनों ने स्कूल पहुंचकर विरोध किया। इस पर शिक्षक ने परिजनों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
कस्बे के पुष्पा देवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की छात्राओं की यूनिफॉर्म में नीले रंग का कोट शामिल है। कस्बे की ही कक्षा 10 की छात्रा बृहस्पतिवार को काले रंग का कोट पहनकर स्कूल पहुंची थी। इस पर शिक्षक ने उसके कोट के आठ बटन काट दिए और उसे स्कूल से बाहर कर दिया। यह घटना अन्य छात्राओं के सामने हुई। इससे आहत छात्रा रोती हुई घर पहुंची और परिजनों को बताया।
शुक्रवार को छात्रा के परिजनों ने स्कूल पहुंचे और विरोध जताया। इस पर शिक्षक वरुण कुमार ने उल्टे उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दे दी। इसमें बताया कि यूनिफॉर्म में न आने पर कोट के बटन काटे गए थे, लेकिन बाद में बटन लगवा दिए गए और गलती भी स्वीकार कर ली। फिर भी छात्रा के परिजनों ने स्कूल आकर हंगामा किया और जान से मारने की धमकी दी है।
इधर, छात्रा ने बताया कि स्कूल जाते समय घर में उसे नीले रंग का कोट नहीं मिला था। इसलिए जल्दी में वह काले रंग का ही कोट पहनकर स्कूल चली गई थी, लेकिन शिक्षक ने कैंची से आठ बटन काट दिए। विरोध करने पर धमकी दी गई कि तो क्या तुम मुझे फांसी पर चढ़वा दोगी। इसके बाद उसे पूरी क्लास के सामने स्कूल से बाहर निकाल दिया। छात्रा के भाई ने बताया कि वह भी कार्रवाई करेंगे।
इंस्पेक्टर रामसेवक ने बताया कि स्कूल के शिक्षक ने छात्रा के परिजनों के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।