कोरोना के दौर में जिला अस्पताल के हालात देखकर स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने अफसरों की जमकर क्लास ली
विज्ञापन
गंदे शौचालयों पर पड़े थे ताले, खुलवाते ही आंखें फेर लीं मंत्री ने
बरेली। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग के दौरे से पहले स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तो काफी की थीं लेकिन फिर भी जिला अस्पताल में मिलीं खामियां देखकर राज्यमंत्री बुरी तरह हैरान रह गए। जिला अस्पताल के जनरल वार्ड में टीबी मरीज को भर्ती देखकर वह बुरी तरह भड़के। शौचालयों का हाल इतना बुरा था कि उनमें अंदर घुसना तो दूर, एक नजर डालना भी मुश्किल था। इन खामियों पर नाराज राज्यमंत्री ने सीएमओ और सीएमएस की मुख्यमंत्री को सारा हाल बताकर कार्रवाई कराने तक की चेतावनी दी।
सुबह सवा आठ बजे राज्यमंत्री का काफिला जिला अस्पताल पहुंचा। इमरजेंसी और महिला वार्ड का निरीक्षण करने के बाद जनरल वार्ड पहुंचे राज्यमंत्री ने वहां भर्ती कासगंज के एक मरीज की बेटी से पिता की तबीयत के बारे में पूछा तो उसने बताया कि उसके पिता को टीबी है और वह छह दिन से यहां भर्ती हैं। इस पर हैरान हुए राज्यमंत्री ने सीएमएस को बुलाकर जनरल वार्ड में टीबी मरीज भर्ती करने के बारे में पूछताछ की। सीएमएस कोई जवाब नहीं दे पाए तो सीएमओ को बुला लिया। इसी बीच मरीज का इलाज कर रहे डॉक्टर ने सफाई दी कि वह दूसरी बीमारी के इलाज के लिए भर्ती हुआ था। उन्हें उसके टीबी होने की जानकारी नहीं थी। नाराज राज्यमंत्री ने इस पर सवाल किया कि अगर छह दिन बाद भी यह पता नहीं है कि मरीज को टीबी है तो इलाज क्या किया जा रहा है।
इसी दौरान सुभाषनगर के एक व्यक्ति ने मंत्री से शिकायत की कि वह अपनी बेटी के इलाज के लिए आया है लेकिन उसे एक से दूसरे वार्ड चक्कर लगवाया जा रहा है। महिला वार्ड के निरीक्षण के दौरान शौचालयों पर ताला बंद देख उन्होंने वार्ड इंचार्ज को बुलाया। ताले खुलवाने के बाद शौचालयों का हाल देखकर राज्यमंत्री उनका हाल देखकर बुरी तरह भड़क गए। सीएमएस की उन्होंने फिर जमकर क्लास ली। वार्ड इंचार्ज ने कहा कि वह कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुुई है। बच्चा वार्ड में भी शौचालय काफी गंदे थे। नल में टोटी न होने से पानी बह रहा था।