बरेली। विवाहिता ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और काली-कलूटी कहकर ताना मारने का आरोप लगाते हुए सीबीगंज थाने में ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मथुरापुर निवासी महिला ने रिपोर्ट में जिक्र किया है कि उनका विवाह देवचरा निवासी अंश साहू से हुआ था। शादी के बाद पति और ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। काली-कलूटी कहकर ताना देते थे। कई बार उसे पीटकर घर से निकाला और समझौता कर घर में रख लिया। 13 अक्तूबर 2025 को उसे फिर पीटकर घर से निकाल दिया गया। पुलिस के सामने समझौता कर कहा कि कुछ दिन बाद मायके से विदा करा लाएंगे और पिटाई भी नहीं करेंगे।
इसके बाद ससुराल वाले पांच लाख रुपये दहेज मांगने लगे। एक अगस्त को उन्होंने बिना दहेज के बुलाने से मना कर दिया और खुद ससुराल आने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मामला पारिवारिक परामर्श केंद्र भेज दिया गया। पति वहां भी टालमटोल करता रहा। सीओ टू नितिन कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।