परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, दो महीने से रह रहे थे सहमति संबंध में
बरेली। सतीपुर मोहल्ले में कमरा लेकर शाहजहांपुर के प्रेमी के साथ सहमति संबंध में रहने वाली टनकपुर की युवती की मौत हो गई। परिजनों ने प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया। शव का बिसरा सुरक्षित किया गया है। पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
शाहजहांपुर के कांट कस्बे का निवासी युवक रामपुर गार्डन के एक हॉस्टल में रसोईया का काम करता है। यहीं के एक गर्ल्स हॉस्टल में उत्तराखंड के टनकपुर की निवासी युवती वार्डन के रूप में काम करती थी। नजदीकी बढ़ने पर दोनों में दोस्ती हो गई। वह करीब दो महीने से सतीपुर मोहल्ले में दंपती की तरह साथ रहने लगे थे। सोमवार सुबह युवक ने युवती के परिजनों को कॉल करके सूचना दी कि उनकी बेटी की तबीयत बिगड़ गई है। वह उसे अस्पताल ले जा रहा है। थोड़ी देर बाद उसने बताया कि अस्पताल में युवती को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है।
-
प्रेमी पर हत्या का शक, विसरा सुरक्षित रखा
युवती की मां, बहन और भाई दोपहर के वक्त बरेली पहुंचे तो उन्होंने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। आरोप लगाया कि उन्हें लगता है उनकी बेटी की हत्या की गई है। मां ने कहा कि उनकी बेटी के साथ कुछ गलत हुआ है। वह पांच भाई बहनों में सबसे बड़ी थी और उसकी कमाई से परिवार को मदद मिलती थी। वह काफी समझदार थी, उन्होंने साथ रहने वाले युवक पर ही हत्या का शक जताया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर के संकेत मिलने पर विसरा सुरक्षित कर दिया गया। हार्टअटैक के भी लक्षण मिले।
-
प्रेमी ने दी सफाई, शादी करने वाले थे दोनों
प्रेमी युवक ने सफाई दी कि झगड़ा विवाद या हत्या जैसा कोई मामला नहीं है। बताया कि उन दोनों का प्रेम संबंध था जिसकी जानकारी युवती ने अपनी मां और बहन को दी थी। युवती के परिवार के लोग भी उनकी शादी के लिए तैयार थे। दोनों की जनवरी में शादी होनी तय हुई थी। सुबह युवती की तबियत अचानक बिगड़ गई तो वह खुद घबरा गया। सूत्रों के मुताबिक 35 वर्षीय इस युवती का चार साल पहले तलाक हो गया था। तब से वह बरेली में रहकर नौकरी कर रही थी। अमर उजाला ब्यूरो
युवती के परिवार ने लिखापढ़ी में कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। वैसे कोई तहरीर मिलेगी तो उसके मुताबिक जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - सुनील कुमार, इंस्पेक्टर बारादरी