बरेली। तमिल युवती ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती और प्यार के बाद बरेली के युवक से शादी कर ली। बाद में उसे पता लगा कि पति की पहले शादी हो चुकी है। वह ससुराल आई तो उसे पीटकर भगा दिया गया, युवती अब जिला अस्पताल में भर्ती है।
चेन्नई निवासी युवती ने बताया कि उसकी पहचान बरेली के युवक से इंस्टाग्राम के जरिये हुई। दोनों के बीच कुछ महीनों में करीबी बढ़ी और प्यार परवान चढ़ गया। युवक चेन्नई गया, वहां मुलाकात की और शादी का वादा कर लौटा। जल्द ही दोनों परिवारों की सहमति से उनका विवाह भी हो गया। शादी के बाद पति युवती को बरेली ले आया और अलग कमरा दिलाकर रखने लगा। आरोप है कि पति ने शादी के बाद उससे रुपये की मांग की, उसने मजबूरी जताई तो उसे पीटना शुरू कर दिया। युवती ने बताया कि एक दिन पति बिना कुछ बताए उसे छोड़कर चला गया।
उसकी तलाश करते हुए जब युवती ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि पति पहले से शादीशुदा है। युवती अपनी ससुराल पहुंची। आरोप है कि वहां मौजूद ससुरालवालों ने उसकी पिटाई कर दी और धक्का देकर निकाल दिया। वह जिला अस्पताल में भर्ती है। उसने बताया कि वह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएगी। ब्यूरो