फरीदपुर। नगर पालिका में गड़बड़ी के मामले में आरोपियों पर कार्रवाई के लिए एडीएम (प्रशासन) ने ईओ को पत्र भेजकर संबंधित पर कार्रवाई कर 15 दिन में जवाब भेजने के लिए कहा है। मामले में अब नगर पालिका के तीन लिपिकों को निलंबित करने की तैयारी है।
पालिका में बीते दिनों गलत तरीके से भुगतान का मामला सामने आया था। जांच में तीन लिपिक दोषी पाए गए। आरोप है कि कीटनाशक नियम विरुद्ध तरीके से सिविल कार्य करने वाले ठेकेदार से खरीद ली गई थीं। पार्किंग मशीन की रिपेयरिंग का कार्य भी सिविल किट ठेकेदार से कराने के बाद सत्यापन के बिना ही भुगतान कराने सहित कई अन्य गड़बड़ियां भी सामने आईं।
एसडीएम की ओर से भेजी गई रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए एडीएम (प्रशासन) ने संबंधित पर कार्रवाई के लिए कहा है। साथ ही तत्कालीन अधिशासी अधिकारी की भूमिका की जांच कर रिपोर्ट 15 दिन में भेजने के निर्देश दिए हैं। इसको लेकर अब लिपिक राजेश, महावीर, प्रदीप के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है। डीएम ने भी मामले में लिपिक और संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया है।