बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम का 18 फुट बहरा तरणताल बदहाल है। इसमें कीड़े तैर रहे हैं। तैराकी सहित अन्य खेलों के प्रशिक्षक भी नहीं हैं। जीवन रक्षक के भरोसे तरणताल का संचालन हो रहा है। खेल सुविधाओं का भी अकाल है। जिम में वर्षों से महिला ट्रेनर का अभाव है। वह भारोत्तोलन कोच के सहारे संचालित हो रहा है। जिम की इमारत में जगह-जगह प्लास्टर टूट हुआ है। शौचालय भी साफ नहीं हैं। बिजली की समस्या भी बनी हुई है। इससे पदकों की उम्मीद धूमिल हो रही है। इसके बावजूद स्टेडियम प्रशासन ने फीस दोगुनी कर दी है। इस स्थिति में खिलाड़ी परेशान हो रहे हैं और अभिभावकों में भी रोष है।
तरणताल में तैर रहे कीड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं कि काफी समय से इसकी सफाई नहीं हुई है। गर्मियों में प्रशिक्षुओं की भीड़ बढ़ने से यह समस्या और गंभीर हो गई है। इसका असर उनके प्रशिक्षण पर पड़ रहा है। फुटबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन आदि खेलों के लिए भी शुल्क बढ़ा दिया गया है। पहले 18 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों को 500 रुपये प्रति वर्ष देने होते थे। अब इसे बढ़ाकर 710 रुपये प्रति वर्ष कर दिया गया है। इसी तरह, 18 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ियों के लिए मासिक शुल्क 300 रुपये से बढ़कर 710 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।
स्विमिंग पूल और जिम का शुल्क
खेल वर्ष 2025-26 वर्ष 2026-27
18 वर्ष से कम/18 से अधिक 18 वर्ष से कम/18 से अधिक
स्विमिंग 610/810 1210/1510
जिम 810 1310