मकान मालिक पर हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने थाने के बाहर किया हंगामा
बरेली। सुभाषनगर के मढ़ीनाथ में रहने वाले मिठाई कारीगर सरवन का शव पंखे से लटका मिला। परिजनों ने मकान मालिक पर हत्या का आरोप लगाकर सुभाष नगर थाने के बाहर हंगामा किया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है।
मिठाई कारीगर सरवन पिछले डेढ़ साल से मढ़ीनाथ स्थित एक मकान में किराए पर रह रहे थे। बुधवार देर रात उनका शव कमरे में पंखे से लटका मिला। चादर का फंदा बनाया गया था। सरवन की पत्नी नेहा बुधवार को ही बच्चों के साथ वंशीनगला में अपने मायके गई थीं। आरोप है कि रात साढ़े दस बजे जह वह लौटीं तो मकान मालिक दरवाजा नहीं खोल रहे थे। काफी कोशिश के बाद जैसे-तैसे वह कमरे में घुसीं तो देखा पति फंदे पर लटके हुए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। इसके बाद परिजन सुभाष नगर थाने के बाहर इकट्ठा हो गए और मकान मालिक पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। सरवन की बहन मैना ने बताया कि कोरोना के कारण सरवन को काम नहीं मिल पा रहा था। जिस कारण वह किराया नहीं दे सका। मकान मालिक किराये को लेकर आए दिन सरवन को परेशान कर रहे थे। इंस्पेक्टर सुभाष नगर नरेश त्यागी ने बताया कि परिजन मकान मालिक पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं लेकिन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण फंदे पर लटकना बताया गया है।